New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर रात 10 बजे के करीब हुई। बताया जाता है कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ अचानक से बढ़ने से यह हादसा हुआ। इस भीड़ में ज्यादातर लोग महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। इस हादसे की हाईलेवल जांच शुरू हो गई है।
DCP रेलवे KPS मल्होत्रा ने कहा, 'हमें जो भी खामियां दिखीं, जहां भी सुधार की संभावनाएं थीं, हमारा ध्यान उस पर था। हमने स्टाफ की तैनाती, चैनलाइजिंग और ट्रेन के आने से पहले भीड़ को कैसे मैनेज किया जाए, इस पर भी ध्यान केंद्रित किया।'
नई दिल्ली स्टेशन पर भीड़ के मद्देनजर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बन्द कर दी गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ पर योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है, 'मैं इस पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करने जा रहा हूं। अगर कोई त्रासदी होती है, जहां लोग अपने परिवार के सदस्यों को खो देते हैं, तो यह अपूरणीय क्षति होती है।'
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना को लेकर रेलवे ने अब मान लिया है कि ये भगदड़ थी। रेलवे ने घटना के 22 घंटे बाद माना है कि स्टेशन पर भगदड़ हुई।
नई दिल्ली स्टेशन पर हुए हादसे से जुड़ी लिस्ट सामने आई है। इसमें मृतकों के नाम और अन्य जानकारी शामिल है।
पोस्टमार्टम के लिए आरएमएल में जिन 5 मृत यात्रियों को लाया गया था, उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह आया है कि दम घुटने की वजह से उनकी मौत हुई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 16 नंबर प्लेटफॉर्म पर सीढियों से एंट्री-एग्जिट को बंद किया गया है। 16 नंबर से यात्रा करने वाले यात्रियों को नीचे से प्लेटफॉर्म पर जाना होगा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रास्ता बंद किया गया है। प्लेटफॉर्म नंबर 14-15 के एक्सीलेटर को भी बंद किया गया है।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इटावा में कहा कि यह एक दुखदाई घटना है। इसकी जिम्मेदारी सरकार की है। आपने(भाजपा) लोगों को बुलाया, मगर वहां व्यवस्थाएं कुछ नहीं हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर नरसिंह देव (प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर, उत्तर रेलवे) ने कहा, "हमने जांच शुरू कर दी है। हम सभी साक्ष्यों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। हमने CCTV फुटेज भी देखी है। हम प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लेंगे। हर तरह के साक्ष्यों की जांच करने के बाद एक जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी और प्रशासन को दी जाएगी।"
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 से थोड़ी देर में प्रयागराज के लिए महाकुंभ स्पेशल ट्रेन रवाना होगी।
दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच का नेतृत्व डीसीपी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। भगदड़ जैसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा छह अतिरिक्त कंपनियां दी गई हैं: दिल्ली पुलिस सूत्र
दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा, स्पेशल सीपी रॉबिन हिब्बू, स्पेशल सीपी एलएंडओ रवींद्र यादव और ज्वाइंट सीपी विजय सिंह दिल्ली पुलिस द्वारा तैयार की गई शुरुआती जांच रिपोर्ट पर मीटिंग के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे डीसीपी ऑफिस पहुंचे। अधिकारी अनाउंसमेंट सिस्टम की खामियों की भी जांच करेंगे।
प्लेटफ़ॉर्म नंबर 16 पर भी भीड़ उमड़ी है। प्लेटफार्म नंबर 15 में जहां भगदड़ हुई थी वहां और प्लेटफार्म नंबर 14 और 13 में रेलवे ने रस्सी लगाई हुई है। प्लेटफार्म को खाली करा कर रखा गया है। हालात कंट्रोल में है। लेकिन बाकी प्लेटफॉर्म पर उस तरीके की तैयारी रेलवे की नहीं है। प्लेटफॉर्म नंबर 11, 12, 8, 9 मैं कोई रस्सी नहीं है कोई आरपीफ के जवान तैनात नहीं हैं।
एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती ज़्यादातर मरीजों के निचले अंगों में चोट है, और कुछ को हड्डियों में चोट है। चार लोगों को निगरानी में रखा गया है और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। ज़्यादातर मरीज़ों की हालत स्थिर है। 15 डॉक्टरों की एक टीम घायल मरीजों की देखभाल कर रही है:-एलएजेपी अस्पताल के सूत्र
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा,"कल दुर्भाग्य से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। मैं इस अवसर पर उन सभी पुण्य आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
कल रात मची भगदड़ के बाद आज एक बार फिर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर भीड़ के चलते हालात बेकाबू हो रहे हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की जांच शुरू हो गई है। रेलवे की दो सदस्यीय हाईलेवल कमिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। सभी सीसीटीवी फुटेज जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली से चलनेवाली 9 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है जबकि एक ट्रेन का टाइम बदल गया है। इन ट्रेनों में से 7 ट्रेन जो कैंसिल हुई है वह प्रयागराज जाने वाली हैं। प्रयागराज जाने वाली एक ट्रेन का समय बदला है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव थोड़ी देर में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाएंगे। वे घटनास्थल का दौरा करेंगे। कल रात मची भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के रहनेवाले मृतकों के आश्रितों को 02 लाख रुपये एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है, "कल जब यह दुखद घटना घटी, उस समय पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 14 पर खड़ी थी, और जम्मू की ओर जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति प्लेटफार्म नंबर 15 पर खड़ी थी। इस दौरान प्लेटफार्म 14-15 की ओर आ रहा एक यात्री सीढ़ियों पर फिसलकर गिर गया, और उसके पीछे खड़े कई यात्री इसकी चपेट में आ गए, और यह दुखद घटना घटी। इसकी उच्च स्तरीय समिति द्वारा जांच की जा रही है। कोई भी ट्रेन रद्द नहीं की गई, न ही प्लेटफार्म में कोई बदलाव किया गया। घटना की जांच की जा रही है, इसलिए समिति को अपनी रिपोर्ट और निष्कर्ष प्रस्तुत करने दें। प्लेटफार्म पर स्थिति अब सामान्य है। सभी ट्रेनें अपने सामान्य समय पर चल रही हैं।"
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत बेहद दुखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर उनकी आत्माओं को शांति प्रदान करें। हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया उन सभी के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।'
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे को लेकर कांग्रेस ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में रेल मंत्री को इस्तीफा देने और देश से माफी मांगने के लिए कहा है।
पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, "यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और मैं पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। यह रेलवे का कुप्रबंधन है जिसके कारण इतने सारे लोगों की जान चली गई। रेल मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। कुंभ का क्या मतलब है। फालतू है कुंभ।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया, कहा-' नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात को हुई भगदड़ में कई व्यक्तियों के मारे जाने की खबर अत्यंत ही दुखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कुंभ के चलते उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए बेहतर इंतज़ाम किए जा सकते थे ताकि ऐसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सकता था। आशा करता हूं कि इस घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे हालात दुबारा न बनें इस ओर भी रेल मंत्रालय ध्यान देगा। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना पर दुख जताया है।
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़ के बीच, रेलवे की गंभीर लापरवाही के कारण, मची भगदड़ में काफी लोगों की हुई मौत व घायल होने की घटना अति-दुखद है। पीड़ितों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ितों की पूरी मदद भी करे।'
1. आहा देवी (79 वर्ष) पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर, बिहार
2.पूनम देवी (40 वर्ष) पत्नी मेघनाथ निवासी सारण, बिहार
3.ललिता देवी (35 वर्ष) पत्नी संतोष निवासी परना, बिहार
4. सुरुचि पुत्री (11 वर्ष) मनोज शाह निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार
5. कृष्णा देवी (40 वर्ष) पत्नी विजय शाह निवासी समस्तीपुर, बिहार
6. विजय साह (15 वर्ष) पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर, बिहार
7. नीरज (12 वर्ष) पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली, बिहार
8. शांति देवी (40 वर्ष) पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार
9. पूजा कुमार (8 वर्ष) पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार
10.पिंकी देवी (41 वर्ष) पत्नी उपेन्द्र शर्मा निवासी संगम विहार, दिल्ली
11. शीला देवी (50 वर्ष) पत्नी उमेश गिरी निवासी सरिता विहार, दिल्ली
12. व्योम (25 वर्ष) पुत्र धर्मवीर निवासी बवाना, दिल्ली
13.मनोज (47 वर्ष) पुत्र पंचदेव कुशवाह निवासी नांगलोई, दिल्ली
14. पूनम (34 वर्ष) पत्नी वीरेंद्र सिंह निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली
15. ममता झा (40 वर्ष) पत्नी विपिन झा निवासी नांगलोई, दिल्ली
16. रिया सिंह (7 वर्ष) पुत्री ओपिल सिंह निवासी सागरपुर, दिल्ली
17. बेबी कुमारी (24 वर्ष) पुत्री प्रभु साह निवासी बिजवासन, दिल्ली
18. संगीता मलिक (34 वर्ष) पत्नी मोहित मलिक निवासी भिवानी, हरियाणा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जहां इस हादसे पर दुख जताया वहीं इसे रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता भी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की ख़बर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना पर दुख जताया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में 18 लोगों की मौत के बाद प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आरपीएफ के जवानों ने रेलवे स्टेशन परिसर के साथ ही फुट ओवर ब्रिज पर भी व्यवस्था संभाल ली है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'
रेलवे ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को गलत बताया है जिसमें यह कहा जा रहा है कि आखिरी समय में ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदलने के चलते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची थी। रेलवे ने कहा कि किसी भी ट्रेन का प्लेटफार्म नहीं बदला गया था। सोशल मीडिया में जो इनफॉरमेशन चल रही है वह गलत है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना के प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को 1लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने रेल मंत्री से भी बात की। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी व अन्य संबंधित अधिकारियों से बात की। दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर सभी को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव उपचार दिया जा रहा है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।'
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना पर जताया शोक। एक्स पर लिखा-"नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें>"
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मरनेवालों में 14 महिलाएं भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ (जैसी स्थिति) से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं।’
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "आधिकारिक तौर पर 15 लोग मृत पाए गए हैं, उन्हें मृत स्थिति में ही लाया गया। यह बहुत दुखद घटना है। हमारे दो विधायक यहां हैं। मैंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि अगर किसी पीड़ित परिवार को किसी तरह की मदद की ज़रूरत है तो वे हमारे विधायकों को बताएं। 4-5 मरीज़ों को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। 15 लोगों को LNJP अस्पताल में मृत लाया गया था, और इतनी ही संख्या में घायल भी यहां भर्ती हैं। दो शवों की पहचान होनी बाकी है।"
रेलवे के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने कहा, हमने भीड़ का अंदाजा लगाया था लेकिन इतने कम समय में यह घटना हो गई। रेलवे हर तथ्य की जांच करेगा। जांच के बाद, हम घटना के पीछे के कारणों का पता लगाएंगे।
संपादक की पसंद