1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. रणवीर सिंह ने ठुकराई फिल्म, शाहिद को मिला सब्र का फल, 12 साल के इंतजार के बाद हुई चांदी

रणवीर सिंह ने ठुकराई फिल्म, शाहिद को मिला सब्र का फल, 12 साल के इंतजार के बाद हुई चांदी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 14, 2025 10:13 pm IST,  Updated : Jun 14, 2025 10:13 pm IST

शाहिद कपूर ने 2003 में 'इश्क विश्क' से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने कई हिट, सुपरहिट फिल्में दीं। लेकिन, 2019 में वो फिल्म रिलीज हुई, जिसने उनके करियर को नई रफ्तार दी थी। चलिए आपको इस फिल्म के बारे में बताते हैं।

Shahid Kapoor- India TV Hindi
शाहिद कपूर, रणवीर सिंह। Image Source : INSTAGRAM

शाहिद कपूर को फिल्मी दुनिया में कदम रखे 2 दशक से ज्यादा का समय हो गया है। उन्होंने साल 2003 में 'इश्क विश्क' से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया। फिल्मों से पहले शाहिद ने बतौर बैकग्राउंड डांसर भी काम किया और ऐश्वर्या-करिश्मा जैसी हीरोइनों के पीछे डांस किया। चॉकलेटी हीरो बनकर फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाले शाहिद अब एंग्री यंगमैन के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी है। उन्होंने अपने करियर में 'विवाह' से लेकर 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में काम किया है, लेकिन उनके करियर में एक समय ऐसा भी आया, जब उनकी फिल्में फ्लॉप और एवरेज से आगे नहीं बढ़ पा रही थीं। 2007 में रिलीज हुई 'जब वी मेट' सुपर-डुपर हिट रही, लेकिन इसके बाद करीब 12 साल के इंतजार के बाद उनके हाथ वो फिल्म लगी, जिसने उनके करियर को नई रफ्तार दी और उन्हें बॉलीवुड के टॉप स्टार्स की लिस्ट में फिर लाकर खड़ा कर दिया।

इस फिल्म ने शाहिद कपूर के करियर को दी नई उड़ान

हम शाहिद कपूर की उस फिल्म की बात कर रहे हैं, जिसने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था और हर तरफ बस उनके एंग्री यंगमैन वाले अवतार के चर्चे थे। जी हां, हम 2019 में रिलीज हुई 'कबीर सिंह' की ही बात कर रहे हैं, जो पहले रणवीर सिंह को ऑफर हुई थी। 'कबीर सिंह' एक रोमांटिक ड्रामा थी, जिसके साथ 'एनिमल' वाले संदीप रेड्डी वांगा ने हिंदी सिनेमा डेब्यू किया था। वह इस फिल्म के निर्देशक थे और टी-सीरीज फिल्म्स के तहत भूषण कुमार और कृष्ण कुमार और सिने 1 स्टूडियोज के तहत इसे निर्मित किया गया था।

अर्जुन रेड्डी की रीमेक थी कबीर सिंह

ये फिल्म संदीप रेड्डी वांगा की ही तेलुगु फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की रीमेक थी, जो 2017 में रिलीज हुई थी। कबीर सिंह में शाहिद कपूर लीड रोल में थे और उनके साथ कियारा आडवाणी नजर आई थीं। वहीं निकिता दत्ता फिल्म में सपोर्टिंग रोल में थीं। 2019 में रिलीज हुई ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस फिल्म को जितनी तारीफें मिलीं, उतना ही आलोचनाओं का भी शिकार हुई। फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई की और शाहिद कपूर ने इसके साथ जबरदस्त कमबैक किया। रातोंरात शाहिद स्टार से सुपरस्टार बन गए। हालांकि, फिल्म के लिए शाहिद नहीं बल्कि रणवीर सिंह पहली पसंद थे।

कबीर सिंह में रणवीर सिंह को लेना चाहते थे संदीप रेड्डी वांगा

संदीप रेड्डी वांगा ने एक इंटरव्यू के दौरान खुद ये खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि पहले वर रणवीर के पास इस फिल्म का ऑफर लेकर गए थे, लेकिन उन्होंने खुद को इस रोल के लिए सूटेबल न बताते हुए फिल्म रिजेक्ट कर दी। संदीप ने बताया कि उन्हें लगातार अर्जुन रेड्डी का रीमेक बनाने के लिए मुंबई से कॉल आ रहे थे और वह ये फिल्म रणवीर सिंह के साथ ही करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया।

रणवीर ने क्यों ठुकराई फिल्म?

संदीप के अनुसार, ये किरदार काफी डार्क था और इसी वजह से रणवीर ने फिल्म करने से इनकार कर दिया था। रणवीर की न के बाद उन्होंने शाहिद कपूर से संपर्क किया और उनकी तो मानो चांदी हो गई। ये फिल्म रिलीज हुई और जबरदस्त कलेक्शन किया। फिल्म का बजट 60 करोड़ था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 379.02 करोड़ की कमाई की, जिसमें भारत में 331.24 करोड़ और विदेशी कलेक्शन 47.78 करोड़ था।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन