गुजरात में खेड़ा जिले के नडियाद में मिलावटी सोडा पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस का ये कहना है की इन तीनों मृतकों के द्वारा सोडा बोतल में कुछ मिला कर पीने की आशंका है। इनके ब्लड सैम्पल्स फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) में जांच के लिए भेज दिए गए। पुलिस के अनुसार FSL रिपोर्ट आ गई है। ब्लड सैम्पल्स में मिथाइल ऐल्कोहल नहीं पाया गया है।
रविवार शाम को नडियाद के जवाहर नगर इलाके में तीन लोगों ने ‘जीरा’ नाम के बोतलबंद पेय पदार्थ (सोडा) पीया जिसके बाद वह बीमार पड़ गए। पुलिस उपाधीक्षक वीआर वाजपेयी ने बताया कि उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।'
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच तीनों लोगों को चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब आठ बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया पता चला है कि कोई बोतलबंद पेय पदार्थ पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी।’
पुलिस अधिकारी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक जांच के लिए ब्ल्ड के नमूने एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी और अस्पताल में कहीं से भी कोई नया केस दर्ज नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से पता लगाया जा रहा है कि किस-किस ने देसी शराब पी हुई थी।
बता दें कि नवंबर 2023 में खेड़ा जिले में एक किराने की दुकान पर बेचे गए आयुर्वेदिक सिरप पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। इस सिरप में मेथिल अल्कोहल था। गुजरात में शराब पर प्रतिबंध है इसलिए यहां के लोग नशे के लिए ऐसे पेय पदार्थों का सेवन करते हैं।
भाषा के इनपुट के साथ
संपादक की पसंद