1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं, सीएम सैनी का बड़ा ऐलान

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं, सीएम सैनी का बड़ा ऐलान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 23, 2025 06:44 pm IST,  Updated : Aug 23, 2025 06:44 pm IST

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में भी प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद यह बातें कहीं।

nayab singh saini- India TV Hindi
नायब सिंह सैनी Image Source : X/NAYAB SINGH SAINI

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंचकूला में वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट अस्पतालों से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सीएम नायब सैनी ने हरियाणा स्वर्ण जयंती वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में कहा कि इस भवन का लाभ सभी विभागों और लोगों को मिलेगा। 2047 तक विकसित भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। इसमें विकसित हरियाणा मजबूती से खड़ा होगा।

सीएम सैनी ने कहा कि वित्तीय प्रबंधन संस्थान के भवन के अंदर प्रदेश की तमाम योजनाओं के लिए नीतियां बनेंगी और वित्त का काम होगा। इस भवन में नई तकनीक के कॉन्फ्रेंस हॉल बने हैं, जिनके इस्तेमाल से फायदा मिलेगा।

सफाई व्यवस्था को लेकर अहम बैठक 

सीएम सैनी ने सरकारी अस्पतालों में सफाई व्यवस्था को लेकर भी बैठक की। इस बैठक में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वच्छता को लेकर हरियाणा के शहरों की अलग रैंकिंग तय की जाएगी। केंद्र सरकार जैसे शहरों की स्वच्छता की रैंकिंग तय करती है, वैसे हरियाणा में भी शहरों की  स्वच्छता की रैंकिंग तय की जाएगी। सीएम ने रेसिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन और सामाजिक संस्थाओं से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की। 

सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं

सीएम ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े में पूरी कार्य योजना तैयार होगी। प्रदेश के हर जिले में सरकारी अस्पताल में निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। एमआरआई, डिजिटल एक्सरे, डायलिसिस जैसी सभी सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी। सभी सीएमओ और पीएमओ को बैठक में दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को सरकारी आधुनिक अस्पतालों के पहले चरण का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें सभी सुविधाएं होंगी।

(पंचकूला से उमंग श्योरन की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।