1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में गाड़ी आगे निकालने की होड़ में दो बसों की जोरदार भिड़ंत, दांव पर लगी 42 जिंदगियां; ड्राइवर को निकालने बुलानी पड़ी क्रेन

इंदौर में गाड़ी आगे निकालने की होड़ में दो बसों की जोरदार भिड़ंत, दांव पर लगी 42 जिंदगियां; ड्राइवर को निकालने बुलानी पड़ी क्रेन

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 15, 2022 06:41 pm IST,  Updated : Dec 15, 2022 06:41 pm IST

इंदौर में ड्राइवर द्वारा अपनी गाड़ी आगे निकालने के चक्कर में एक बस सामने से आ रही दूसरी यात्री बस से जा भिड़ी और चीख-पुकार मच गई।

bus accident- India TV Hindi
दो बसों की भीषण भिड़ंत Image Source : TWITTER

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गाड़ी आगे निकालने की होड़ में गुरुवार को दो यात्री बसों की भीषण भिड़ंत हो गई और इस हादसे में दोनों बसों के कुल 42 यात्री घायल हो गए। यह हादसा इंदौर-खंडवा रोड के सिमरोल थाना क्षेत्र में तब हुआ, जब पहाड़ी इलाके में विपरीत दिशाओं से आ रहीं दो यात्री बसें एक-दूसरे से भिड़ गईं। हादसे में घायल 42 यात्रियों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (MYH) में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है और उनमें से 5 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

आगे निकालने के चक्कर में हुई भिड़ंत, मची चीख-पुकार

बस हादसे के चश्मदीद सुनील कुमार शुक्ला ने बताया, "मैं खंडवा से इंदौर जा रही बस में सवार था। सरपट रफ्तार से दौड़ रही बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। ड्राइवर द्वारा अपनी गाड़ी आगे निकालने के चक्कर में यह बस सामने से आ रही दूसरी यात्री बस से जा भिड़ी और चीख-पुकार मच गई।"

बस के अंदर फंसे ड्राइवर के दोनों पैर, बुलानी पड़ी क्रेन
दरअसल, गुरुवार सुबह इंदौर इच्छपुर रोड पर सिमरोल के बाइग्राम के पास ओवरटेक करते समय दो बसें आमने-सामने भिड़ गई। मिली जानकारी के मुताबिक बाईग्राम के पास मोड़ पर आर्य ट्रेवल्स की बस खंडवा से इंदौर जा रही थी। यादव ट्रेवल्स की बस इंदौर से खंडवा की ओर जा रही थी। आर्य ट्रेवल्स की बस ने मोड़ पर ओवरटेक किया और दोनों बसों की आमने सामने तेज भिड़ंत हो गई जिसके बाद वहां घायलों की रोने-चीखने की आवाज सुनाई दे रही थीं।

यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से पूरी तरह से चकनाचूर हो गए। वही आर्य ट्रेवल्स बस के ड्राइवर के दोनों पैर बस के अंदर फंस गए थे जिसे निकालने में क्रेन की मदद लेनी पड़ी। बस में सवार 42 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।