ठाणे: जिले के मीरा भायंदर इलाके में शुक्रवार सुबह से ही तेंदुए का आतंक देखने को मिला। यहां एक आवासीय सोसायटी में कहीं से भटककर एक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ काफी देर तक सोसायटी की गलियों में भटकता रहा। इस दौरान उसने कई लोगों को पर हमला भी कर दिया, जिसमें कुछ लोग घायल भी हो गए हैं। करीब छह घंटे तक सोसायटी में तेंदुए की वजह से लोगों में दहशत देखी गई। वहीं सोसायटी के भीतर तेंदुआ घुसने के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के अलावा दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद इलाके में करीब छह घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आखिरकार तेंदुए को पकड़ लिया गया।
दरअसल, मीरा भायंदर इलाके के परिजात बिल्डिंग में सुबह-सुबह हड़कंप मच गया। यहां एक तेंदुआ भटकते हुए आया और रिहायसी इलाकों में घुस गया। तेंदुए ने कई घरों में भी घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए के खौफ से स्थानीय लोग अपने घरों में घुस गए। वहीं सूचना पाकर संजय गांधी नेशनल पार्क की टीम समेत पुलिस और महानगरपालिका प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। यहां सुबह से ही करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसके बाद तेंदुए को पकड़ा जा सका। ट्रेंकुलाइजर गन और केटामाइन के इंजेक्शन के साथ वन विभाग की टीम ने बिल्डिंग के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन किया। जानकारी के मुताबिक तेंदुए के हमले में कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 6 घंटे से ज्यादा कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को संजय गांधी नेशनल पार्क की टीम ने रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सर नाईक ने बताया कि तेंदुआ सुरक्षित है उसे इलाज के लिए संजय गांधी नेशनल पार्क ले जाया गया है। वहीं इंडिया टीवी से बात करते हुए मीरा भायंदर म्युनिसिपल कमिश्नर राधा विनोद शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन सक्सेसफुल रहा है। तेंदुए को आगे के इलाज के लिए वन विभाग की टीम लेकर गई है। जिन लोगों को चोट लगी है उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें-
संपादक की पसंद