1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. औरंगजेब विवाद: सपा विधायक अबू आजमी को बजट सत्र तक विधानसभा से निलंबित किया गया

औरंगजेब विवाद: सपा विधायक अबू आजमी को बजट सत्र तक विधानसभा से निलंबित किया गया

 Published : Mar 05, 2025 12:16 pm IST,  Updated : Mar 05, 2025 05:39 pm IST

औरंगजेब को लेकर दिए गए बयान के बाद सपा विधायक अबू आजमी मुश्किल में फंस गए हैं। अबू असीम आजमी को बजट सत्र तक के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है।

सपा विधायक अबु आजमी।- India TV Hindi
सपा विधायक अबु आजमी। Image Source : PTI

महराष्ट्र की राजनीति में मुगल आक्रांता औरंगजेब को लेकर बवाल मचा हुआ है। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू असीम आजमी को  बजट सत्र तक के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि आजमी ने हाल ही में औरंगजेब के समर्थन में बयान दिया था। इसके बाद अबू आजमी का जमकर विरोध हुआ और उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया। शिवसेना के प्रमुख और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने खुद अबू आजमी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। शिवसेना आजमी के निलंबन पर भी अड़ी हुई थी।

सत्र खत्म होने तक निलंबित

PTI की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा ने सपा विधायक अबू आसिम आजमी की, मौजूदा बजट सत्र खत्म होने तक सदन की सदस्यता निलंबित कर दी है। आपको बता दें कि अबू आजमी समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हैं और मुंबई के मानखुर्द शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। अबू आजमी के निलंबन के बाद सपा विधायक रईस शेख विधानसभा स्पीकर से मिलने वाले हैं। उन्होंने बताया है कि हम इस मामले पर कानूनी राय ले रहें है। विधानसभा कामकाज के रुलबुक का अध्ययन करेंगे, इसके बाद मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे।

औरंगजेब पर क्या बोले थे अबु आजमी?

अबू आजमी ने बीते सोमवार को कहा था- "गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए। औरंगज़ेब कोई क्रूर शासक नहीं थे। बनारस में जब एक पंडित की बच्‍ची के साथ उसके सिपहसालार ने बदतमीजी की करने की कोश‍िश की तो औरंगजेब ने उस सिपहसालार को दो हाथ‍ियों के बीच बंधवाकर मरवा डाला। बाद में उन पंड‍ितों ने औरगंजेब के ल‍िए मस्‍ज‍िद बनाकर भेंट क‍िया। वो अच्छे प्रशासक थे, जो उन्होंने किया वो सही किया। अगर कोई और राजा होता वो वो भी वही करता।" अबू आजमी ने ये भी कहा था- "औरंगजेब के शासन के दौरान भारत की जीडीपी 24% थी और देश "सोने की चिड़िया था। औरंगजेब उनके लिए गलत नहीं था। उसने कई मंदिर भी बनवाये थे। इतिहास में कई गलत चीज़े बताई गई हैं।" हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद अबू आजमी ने कहा था कि अगर किसी को उनकी टिप्पणी से ठेस पहुंची है, तो वह अपने बयान और टिप्पणियां वापस लेते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया है केस

मुंबई पुलिस ने अबू आजमी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धर्म या धार्मिक विश्वास का अपमान करके धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया गया कार्य), धारा 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर बयान देना) और धारा 356 (1) एवं 356 (2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें- अबु आजमी को सस्पेंड करने की मांग पर अड़ी शिवसेना, सदन में आज भी हंगामे के आसार

औरंगजेब पर दिए बयान से हुआ हंगामा तो बदले अबू आजमी के सुर, कहा- अपना बयान वापस लेता हूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।