1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे बम धमाकों के आरोपी की गोली मारकर हत्या, 2023 से जमानत पर बाहर था

पुणे बम धमाकों के आरोपी की गोली मारकर हत्या, 2023 से जमानत पर बाहर था

 Published : Dec 31, 2025 11:47 pm IST,  Updated : Dec 31, 2025 11:58 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे में साल 2012 में हुए धमाकों के एक आरोपी बंटी जहागीरदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये घटना राज्य के अहिल्यानगर जिले में हुई है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

pune blasts case accused shot dead- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से बुधवार को एक चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पुणे में 2012 के बम धमाकों के मामले में आरोपियों में से एक बंटी जहागीरदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये घटना जिले के श्रीरामपुर कस्बे में घटी है। गोली लगने के बाद  बंटी जहागीरदार को अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है कि कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

कैसे हुई हत्या?

बंटी जहागीरदार महाराष्ट्र के पुणे में साल 2012 में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के आरोपियों में से एक था। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 50 साल की उम्र का बंटी जहागीरदार बुधवार को दोपहर लगभग 2 बजे बोरावेक कॉलेज रोड स्थित कब्रिस्तान से बाइक पर एक अन्य शख्स के साथ वापस आ रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोगों ने उसपर हमला किया।  जहागीरदार को गोली लगने के बाद तुरंत ही इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। 

 

पुणे बम धमाकों के आरोपी बंटी जहागीरदार की हत्या पर पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस ने कहा- "हमले के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए कई टीम गठित की गई हैं और जांच जारी है।"

पुणे ब्लास्ट के बारे में जानिए

आपको बता दें कि साल 2012 में महाराष्ट्र के पुणे के मध्य में स्थित एक बिजी रोड (जंगली महाराज रोड) पर सिलसिलेवार तरीके से कम तीव्रता वाले चार बम ब्लास्ट हुए थे। इसमें संलिप्तता के आरोप में महाराष्ट्र ATS ने बंटी जहागीरदार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया है कि जहागीरदार के ऊपर अहिल्यानगर जिले में हत्या और आपराधिक धमकी सहित कई आपराधिक केस दर्ज थे। वह साल 2023 से जमानत पर बाहर था। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 'आज रात 12:00 बजे ब्लास्ट होगा...', संजय राउत के घर के बाहर गाड़ी पर लिखी मिली धमकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।