1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शराब की दुकान का लाइसेंस रद्द कराने के लिए गांव में हुई वोटिंग, सिर्फ महिलाओं ने डाले वोट, जानिए क्या रहा नतीजा?

शराब की दुकान का लाइसेंस रद्द कराने के लिए गांव में हुई वोटिंग, सिर्फ महिलाओं ने डाले वोट, जानिए क्या रहा नतीजा?

 Published : Feb 10, 2026 07:31 am IST,  Updated : Feb 10, 2026 10:07 am IST

गांव में शराब की दुकान का लाइसेंस रद्द करने के लिए वोटिंग कराई गई। स्कूल में दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। महिलाओं को ही सिर्फ वोट डालने का अधिकार रहा।

वोटिंग के लिए लाइन में लगी महिलाएं- India TV Hindi
वोटिंग के लिए लाइन में लगी महिलाएं Image Source : REPORTER INPUT AND FREEPIK

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के ब्रम्हा गांव में शराबबंदी को लेकर वोटिंग कराई गई। सोमवार को कराए गए मतदान में महिलाओं ने निर्णायक भूमिका निभाते हुए भारी बहुमत से शराबबंदी के पक्ष में फैसला सुनाया। वाइन बार की अनुज्ञप्ति बंद की जाए या नहीं। इस सवाल पर हुए वोटिंग में शराबबंदी के समर्थन में 523 वोट पड़े, जबकि शराब बिक्री के पक्ष में केवल 14 वोट मिले। इसके अलावा 16 वोट अवैध घोषित किए गए।

सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक हुई वोटिंग

यह वोटिंग प्रक्रिया जिला परिषद स्कूल में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी के रूप में नायब तहसीलदार एच.एस. आडे ने पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। शासन के नियमों के अनुसार, इस मतदान में महिला मतदाताओं का फैसला निर्णायक माना गया।

शराबबंदी के पक्ष में प्रचंड बहुमत

शाम करीब 6 बजे मतगणना शुरू होते ही कुछ ही देर में नतीजे साफ हो गए और शराबबंदी के पक्ष में प्रचंड बहुमत सामने आया। यह पूरी चुनावी प्रक्रिया जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर के आदेश पर कराई गई थी।

वोटिंग को लेकर महिलाओं में दिखा खासा उत्साह

प्रशासन की सख्त निगरानी और सुनियोजित व्यवस्था के चलते वोटिंग और मतगणना की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रही। शराबबंदी के फैसले से गांव की महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने इसे गांव की सामाजिक प्रगति और नशामुक्ति की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

गांव में शांति, सुरक्षा और सामाजिक वातावरण का बदलाव

अब ग्राम पंचायत ब्रम्हा की सीमा में शराब बिक्री की अनुज्ञप्ति को आधिकारिक रूप से बंद करने की प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा शुरू की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस फैसले से गांव में शांति, सुरक्षा और सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आएगा।

वाशिम से इमरान की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।