चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें चलने में दिक्कत की वजह से अस्पताल ले जाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, उनके घुटनों का ऑपरेशन किया जाएगा। हालांकि कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि वो पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें सिर्फ घुटनों की समस्या की वजह से अस्पताल लाया गया है।
Related Stories
हालही में इस बात के लिए चर्चा में रहे थे कैप्टन अमरिंदर
दिसंबर में अमरिंदर उस वक्त काफी चर्चा में रहे थे, जब उन्होंने बीजेपी के कामकाज की आलोचना की थी। इसके बाद ये कयास लगाए जाने लगे थे कि वह बीजेपी छोड़ने का मन बना रहे हैं। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। दरअसल दिसंबर में कैप्टन अमरिंदर ने कहा था कि बीजेपी अपने रवैये में सख्त लगती है, जबकि कांग्रेस पार्टी ज्यादा लचीली है और उसका नजरिया सलाह-मशविरे वाला है। अमरिंदर सिंह ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा था कि बीजेपी में उनसे सलाह नहीं ली जाती। पार्टी के सभी फैसले दिल्ली से होते हैं।
जब उनसे ये पूछा गया कि कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं क्या? तब उन्होंने कहा था कि जिस तरह से मुझे मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था, उससे वह अब भी आहत हैं। इसलिए कांग्रेस में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता।
इस दौरान अमरिंदर ने ये भी कहा था कि बीजेपी में जमीनी नेताओं से सलाह नहीं ली जाती और सारे फैसले दिल्ली ले लेता है। जबकि मेरे पास 60 साल का राजनीतिक अनुभव है। हालांकि इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि पीएम का पंजाब के लिए विशेष प्यार है और वह इस राज्य के लिए कुछ भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में भाजपा को मजबूत होना है तो उसे शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के साथ हाथ मिलाना चाहिए।