Virat Kohli Happy Birthday: आज पूरा क्रिकेट जगत विराट कोहली के जन्मदिन का जश्न मना रहा है। भारतीय क्रिकेट के आधुनिक दौर के इस महान बल्लेबाज ने अपने करियर में ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मानक बन चुके हैं। लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे भी हैं जिन्हें खुद कोहली के लिए तोड़ना अब लगभग नामुमकिन हो चुका है। खासकर जब तुलना होती है सचिन तेंदुलकर से। आइए नजर डालते हैं उन ऐतिहासिक माइलस्टोन्स पर जिन्हें किंग कोहली शायद कभी पार नहीं कर पाएंगे।
सबसे ज्यादा रन
सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है। सचिन ने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 34357 रन अपने नाम किए हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कोहली (27673) मास्टर ब्लास्टर से काफी पीछे हैं। ODI में भी विराट और सचिन के बीच 4000 से ज्यादा रनों का अंतर है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विराट के लिए दोनों ही रिकॉर्ड तोड़ना बेहद मुश्किल होगा।
सबसे ज्यादा हाफ-सेंचुरी
विराट के नाम ODI में 75 अर्धशतक दर्ज हैं जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में 144 अर्धशतक लगा चुके हैं। सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने के लिए विराट को जमकर ODI क्रिकेट खेलना होगा लेकिन ऐसा संभव नहीं है। बता दें, सचिन ने ODI क्रिकेट में 96 अर्धशतक जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में 164 अर्धशतक लगाने का बड़ा कारनामा किया है।
सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप
सचिन तेंदुलकर ने 6 वर्ल्ड कप खेले, जो उनके शानदार लंबे करियर को दर्शाता है। विराट अब तक चार वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुके हैं और उम्र को देखते हुए छठे तक पहुंचना नामुमकिन लगता है। 2027 का वर्ल्ड कप विराट के करियर का आखिरी वर्ल्ड कप साबित हो सकता है। यानी विराट के लिए सचिन की बराबरी करना भी असंभव होगा।
प्लेयर ऑफ द मैच
सचिन तेंदुलकर ने ODI क्रिकेट में 62 बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता जबकि कोहली के नाम अब तक 43 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड्स शामिल हैं। सीमित ODI मैचों और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते विराट कोहली का इस रिकॉर्ड को छूना भी मुश्किल है। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामलें में भी विराट कोहली महान सचिन तेंदुलकर से काफी पीछे हैं। सचिन जहां इंटरनेशनल क्रिकेट में 76 प्लेयर ऑफ द मैच बने जबकि विराट ने 69 बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया है। विराट को सचिन से आगे निकलने के लिए अभी भी 7 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने होंगे, जो बिल्कुल भी आसान नहीं है।
100 इंटरनेशनल शतक
विराट के नाम 82 इंटरनेशनल सेंचुरी हैं जबकि सचिन तेंदुलकर 100 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं। विराट अगर सचिन के 100 शतक के रिकॉर्ड के करीब भी पहुंच पाए तो बहुत बड़ी बात होगी। हालांकि, 100 शतक का आंकड़ा पार करना विराट कोहली के लिए काफी मुश्किल होगा क्योंकि अब वह सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं।
सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच
सचिन ने 664 इंटरनेशनल मैच खेले, जबकि कोहली अब तक 462 मैचों में शिरकत कर चुके हैं। टेस्ट और T20I क्रिकेट को अलविदा कह चुके विराट अब सिर्फ ODI क्रिकेट खेलते हैं, जोकि अब बहुत कम होते हैं। ऐसे में कोहली का सचिन के आंकड़े को पार करना तो दूर, इसके करीब पहुंचना भी बहुत मुश्किल होगा। भले ही विराट कोहली इन रिकॉर्ड्स को तोड़ न पाएं, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को एक नई पहचान दी है। इसमे कोई शक नहीं कि सचिन के रिकॉर्ड अमर हैं लेकिन विराट कोहली की विरासत भी सदियों तक याद रखी जाएगी।