1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. 8 साल बाद इस बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे नीरज चोपड़ा, गोल्ड मेडल जीतना होगा लक्ष्य

8 साल बाद इस बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे नीरज चोपड़ा, गोल्ड मेडल जीतना होगा लक्ष्य

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 14, 2025 09:03 pm IST,  Updated : Jun 14, 2025 09:03 pm IST

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा एक बार फिर एक्शन में होंगे। नीरज चोपड़ा लंबे समय बाद पेरिस डायमंड लीग में भाग लेंगे।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा Image Source : PTI

भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने को तैयार हैं। लगातार दो प्रतियोगिताओं में दूसरे स्थान पर रहने के बाद अब उनका लक्ष्य पेरिस डायमंड लीग 2025 में गोल्ड मेडल जीतने का है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 जून को फ्रांस की राजधानी में आयोजित होगी और खास बात यह है कि नीरज आठ साल बाद पेरिस डायमंड लीग में उतरेंगे। पिछली बार नीरज ने 2017 में बतौर जूनियर वर्ल्ड चैंपियन इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और 84.67 मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। ओलंपिक की तैयारी के चलते उन्होंने बीते साल पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया था।

दिग्गजों के बीच होगी कड़ी टक्कर

आयोजकों ने अब तक प्रतिभागियों की पूरी सूची तो जारी नहीं की है, लेकिन यह साफ हो गया है कि नीरज चोपड़ा और दो बार के वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स (ग्रेनेडा) उन पांच खिलाड़ियों में शामिल होंगे, जिन्होंने अपने करियर में 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है। पीटर्स ने इस साल दोहा डायमंड लीग (16 मई) और पोलैंड के जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल (23 मई) में तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि नीरज दोनों ही प्रतियोगिताओं में दूसरे नंबर पर रहे।

पहली बार पार किया 90 मीटर 

नीरज ने इस सीजन का आगाज साउथ अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में एक एफ कैटेगरी की प्रतियोगिता जीतकर की थी, जहां उन्होंने 84.52 मीटर का थ्रो फेंका। इसके बाद 16 मई को दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का जबरदस्त थ्रो करते हुए उन्होंने 90 मीटर की दूरी पार की, लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर (91.06 मीटर) से पीछे रह गए और दूसरे स्थान पर फिनिश किया। इसके बाद पोलैंड में हुए जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल में भी नीरज ने 84.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ वेबर के बाद दूसरा स्थान हासिल किया।

पेरिस में इतिहास रचने का मौका

पेरिस डायमंड लीग के चार दिन बाद 24 जून को नीरज चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक 2025 प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 5 जुलाई को बेंगलुरु में ‘नीरज चोपड़ा क्लासिक’ का आयोजन होगा, जिसमें नीरज भी होंगे और देशभर के टॉप भाला फेंक खिलाड़ियों को मुकाबला करने का मौका मिलेगा। ओलंपिक चैंपियन नीरज इस साल लगातार बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अब उनकी निगाह पेरिस डायमंड लीग में इतिहास रचने पर टिकी है।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल