1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. India AI Impact Summit 2026: नौकरी बचाने के लिए सीखें एआई टूल्स का इस्तेमाल-टेक दिग्गजों की सलाह

India AI Impact Summit 2026: नौकरी बचाने के लिए सीखें एआई टूल्स का इस्तेमाल-टेक दिग्गजों की सलाह

 Published : Feb 16, 2026 12:55 pm IST,  Updated : Feb 16, 2026 12:55 pm IST

एआई सम्मेलन इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में टेक जगत के दिग्गजों ने सलाह दी है कि मौजूदा माहौल में शांत रहें व नौकरी बचाने के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल सीखें तो ये उनके काम आ सकता है।

India AI Impact Summit 2026- India TV Hindi
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 Image Source : IMPACT.INDIAAI

India AI Impact Summit 2026: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से नौकरियों पर पड़ने वाले असर को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच टेक्नोलॉजी जगत के दिग्गजों ने कर्मचारियों को साफ संदेश दिया है कि शांत रहें और अपने कौशल को लगातार बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि एआई की लहर के साथ बने रहने के लिए ताउम्र सीखते रहने की क्षमता जरूरी है और अगले तीन से पांच साल में एआई के और विकसित होने के साथ कार्यबल में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। 'एआई के दौर में रोजगार का भविष्य' विषय पर आयोजित सेशन में उद्योग जगत के लोगों ने माना कि कुछ मौजूदा नौकरियां अप्रासंगिक हो सकती हैं, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस नई रोजगार संभावनाएं भी उत्पन्न करेगी और कर्मचारियों को यह पहचानना होगा कि वे किन कौशलों को निखार सकते है। 

एआई टूल सीखने का रखें लक्ष्य- इन्फो एज 

इन्फो एज (जिसके अंतर्गत नौकरी डॉट कॉम आता है) के संस्थापक संजीव बिखचंदानी ने बैंकों में कंप्यूटर आने के समय का उदाहरण देते हुए कहा कि तब किसी की नौकरी नहीं गई, बल्कि उत्पादकता बढ़ गई। एआई अपनाने से नौकरियां जाने के सवाल पर बिखचंदानी ने युवाओं से कहा, नीति की चिंता मत करें। यह सोचें कि आप ऐसा क्या करें ताकि एआई, आपकी नौकरी न छीने बल्कि आपको नौकरी दिलाने में मदद करे। उन्होंने युवाओं को उपयोगी एआई उपकरण सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, "एआई आ चुका है और यह रुकने वाला नहीं है। अगर आप एआई का इस्तेमाल नहीं करेंगे, तो आपके लिए एआई का रास्ता बंद हो जाएगा। अगले तीन महीनों में कम से कम तीन एआई मंचों का इस्तेमाल सीखने का लक्ष्य तय रखें। जितना ज्यादा आप सीखेंगे, आपकी नौकरी उतनी ही सुरक्षित रहेगी।"

नई टेक्नोलॉजी के मुताबिक खुद को ढालें- एजवर्व

टेक्नोलॉजी उद्योग के दिग्गजों ने पेशेवरों को एआई उपकरणों को अपनाने और उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुरूप खुद को ढालने की सलाह दी, ताकि बदलते रोजगार बाजार में प्रासंगिक बने रह सकें। इन्फोसिस की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई 'एजवर्व' के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश सीतारमैया ने कहा कि एआई, क्षमता को तेजी से बढ़ाने वाला माध्यम बनेगा और "ताउम्र सीखने की क्षमता" ही एआई की लहर से निपटने का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि एआई से कारोबार की उत्पादकता बढ़ी है लेकिन अंततः काम की जिम्मेदारी लेने के लिए इंसान जरूरी रहेगा।  इसलिए नौकरियां कहीं नहीं जा रहीं, बल्कि नौकरियों की प्रकृति बदल रही है।

AI से नई नौकरियां उत्पन्न भी होंगी- संपर्क

संपर्क के संस्थापक विनीत नायर ने कहा कि एआई के कारण मौजूदा लगभग 50 प्रतिशत नौकरियां खत्म होंगी, लेकिन उतनी ही नई नौकरियां उत्पन्न भी होंगी, जिनके लिए कुशल मानव संसाधन की जरूरत होगी। उन्होंने कहा, "एआई हमें खुद को फिर से प्रशिक्षित करने का अवसर देता है लेकिन अलग-अलग पेशों में किन कौशलों की जरूरत होगी, यह हमें खुद तय करना होगा।"

ये भी पढ़ें

Sarvam AI ने लॉन्च किया Sarvam Edge, वो एआई प्लेटफॉर्म जो स्मार्टफोन-लैपटॉप पर बिना इंटरनेट के चलेगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक