1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. किले में तब्दील हुई अयोध्या, धर्म ध्वज स्थापना के लिए पीएम मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

किले में तब्दील हुई अयोध्या, धर्म ध्वज स्थापना के लिए पीएम मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 24, 2025 08:50 pm IST,  Updated : Nov 24, 2025 08:54 pm IST

अयोध्या में पीएम मोदी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएंगे। इसको लेकर मंदिर परिसर और शहर में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक स्तर के 30 अधिकारी अयोध्या में मौजूद हैं।

अयोध्या का श्रीराम मंदिर- India TV Hindi
अयोध्या का श्रीराम मंदिर Image Source : SHRIRAMTEERTH/X

अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में धर्म ध्वज स्थापना समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अयोध्य में मंगलवार को भारी संख्या में वीवीआईपी मौजूद रहेंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भारी पुलिस बल तथा विभिन्न विशेष इकाइयों की तैनाती की गई है। 

पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद

वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर फील्ड टीम तक का समन्वित प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, सुरक्षा योजना के तहत उच्च अधिकारियों को रणनीतिक नेतृत्व के लिए तैनात किया गया है जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अधिकारी और निरीक्षकों की बड़ी संख्या शामिल है। 

1060 निरीक्षक (पुरुष), 80 महिला उपनिरीक्षक की तैनाती

बयान में कहा गया, 'सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक स्तर के 30 अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 90 अधिकारी, 242 उपनिरीक्षक, 1060 निरीक्षक (पुरुष), 80 महिला उपनिरीक्षक, 3090 पुरुष हेड कांस्टेबल, 448 महिला हेड कांस्टेबल तैनात किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, यातायात विभाग के 800 से अधिक कर्मी भी ड्यूटी पर रहेंगे।’ 

बम खोजी दस्ता, श्वान दस्ता, वीवीआईपी सुरक्षा निरीक्षण दल भी मौजूद

इसमें कहा गया कि सुरक्षाकर्मी भीड़ नियंत्रण, तलाशी, जांच और आपात प्रतिक्रिया जैसे दायित्व निभाएंगे। विशेष सुरक्षा इकाइयों में बम खोजी दस्ता, श्वान दस्ता, वीवीआईपी सुरक्षा निरीक्षण दल, यातायात प्रबंधन इकाई, अग्निशमन इकाई और प्रतिक्रिया बल को संवेदनशील बिंदुओं पर तैनात किया गया है। 

एक्स-रे जांच मशीन सीसीटीवी, विशेष सुरक्षा वैन का भी इस्तेमाल

बयान के अनुसार, बीडीएस यूनिट, एक्स-रे जांच मशीन, सीसीटीवी, विशेष सुरक्षा वैन, गश्ती इकाई और एंबुलेंस इकाइयों का भी प्रावधान किया गया है। स्थानीय पुलिस के अलावा, एटीएस कमांडो की विशेष टीम, ‘एनएसजी स्नाइपर यूनिट’ और ‘एंटी-ड्रोन यूनिट’ भी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तैनात की गई हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।