1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश के इस जिले में अराजक तत्वों ने मंदिर में रखी प्रतिमा को किया खंडित, देखते ही देखते गर्माया माहौल

उत्तर प्रदेश के इस जिले में अराजक तत्वों ने मंदिर में रखी प्रतिमा को किया खंडित, देखते ही देखते गर्माया माहौल

 Published : May 31, 2025 01:06 pm IST,  Updated : May 31, 2025 01:19 pm IST

मंदिर में रखी प्रतिमा को खंडित किए जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने लोगों को शांत किया। इस पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कुछ अराजक तत्वों ने एक मंदिर में रखी मूर्ति को कथित तौर पर खंडित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते गांव का माहौल गर्मा गया।

ग्रामीणों ने मंदिर के बाहर इकट्ठा होकर की नारेबाजी

मामले की अधिक जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार को रामगांव थाना क्षेत्र के खासा मोहम्मदपुर गांव में स्थित एक मंदिर में कुछ अराजक तत्वों ने प्रतिमा को खंडित कर दिया। उन्होंने कहा कि आक्रोशित ग्रामीण मंदिर के बाहर इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे। 

खंडित प्रतिमा को नदी में किया विसर्जित

दुर्गा प्रसाद तिवारी ने कहा कि पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने खंडित प्रतिमा को सरयू नदी में विसर्जित कर दिया। 

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस अधिकारी तिवारी ने कहा कि वहां नई मूर्ति स्थापित की जा रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। तिवारी ने कहा कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। 

सोशल मीडिया में किया गया आह्वान

एएसपी ने बताया कि इस घटना को लेकर कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर विरोध में उग्र प्रदर्शन का आह्वान किया गया तो जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। 

जानिए क्या बोले  सीनियर पुलिस अधिकारी?

महसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव ने एक बयान में कहा कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा लोगों की धार्मिक भावना को भड़काकर, उकसाकर 31 मई को उग्र प्रदर्शन करने के लिये सोशल मीडिया माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे असामाजिक तत्वों का पता लगाकर उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।