1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सांड के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदा किसान, गहरे पानी में डूबने से हो गई मौत

सांड के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदा किसान, गहरे पानी में डूबने से हो गई मौत

 Published : Dec 07, 2023 04:50 pm IST,  Updated : Dec 07, 2023 04:50 pm IST

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में छुट्टा पशुओं की समस्या बढ़ती ही जा रही है और अक्सर इनके द्वारा हमले या फसलों को खराब करने की खबरें सामने आती रहती हैं।

Bull Attack, Bull Attacks Farmer, Farmer Dead Bull Attack- India TV Hindi
किसान पर सांड ने हमला कर दिया था। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

बदायूं: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छुट्टा पशुओं द्वारा आमजनों पर हमले की खबरें सामने आती रही हैं। ताजा मामला सूबे के बदायूं जिले का है, जहां सांड से बचने की कोशिश में एक किसान तालाब में डूबकर अपनी जान गंवा बैठा। बताया जा रहा है कि किसान छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की रखवाली के लिए खेत जा रहा था। एक अधिकारी द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र में हमलावर सांड से बचने के लिए तालाब में कूदे शिवदयाल नाम के एक किसान की डूबने से मौत हो गई।

‘गहरे और ठंडे पानी में डूबने से हुई मौत’

दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात सलेमपुर गांव में छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की रखवाली करने के लिए खेत जा रहे 55 साल के किसान शिवदयाल पर सांड ने हमला कर दिया। उससे बचने के लिए किसान पास में ही स्थित एक तालाब में कूद गया लेकिन गहरे और ठंडे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब शिवदयाल घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश की गई। इस दौरान तालाब में उसका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

‘किसान के परिजनों को देंगे वित्तीय मदद’

एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल के लिए राजस्व टीम को भी मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मृतक किसान के परिजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से छुट्टा पशुओं द्वारा फसलों को खराब करने, और आमजनों पर हमला करने की खबरें सामने आई हैं। सूबे की योगी सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए गोशालाओं का प्रबंध किया है, लेकिन फिर भी ऐसी खबरें आती रहती हैं। इस मुद्दे को लेकर सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बीजेपी पर काफी हमलावर रहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।