Sunday, March 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद की 2 फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची कई जिलों की फायर ब्रिगेड

गाजियाबाद की 2 फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची कई जिलों की फायर ब्रिगेड

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Sep 29, 2023 09:56 am IST, Updated : Sep 29, 2023 10:01 am IST

गाजियाबाद में रात के अंधेरे में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। इनमें एक केमिकल की फैक्ट्री और दूसरी गत्ता फैक्ट्री है। आग पर काबू पाने के लिए गाजियाबाद, नोएडा और अन्य जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गईं।

फैक्ट्रियों में लगी आग- India TV Hindi
Image Source : IANS फैक्ट्रियों में लगी आग

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बीती रात दो फैक्ट्रियों में आग लग गई। यहां के साउथ इंडस्ट्रियल एरिया में आस-पास बनी दो फैक्ट्रियों में रात 3:00 बजे आग लग गई। इनमें एक केमिकल फैक्ट्री है, जबकि दूसरी गत्ता फैक्ट्री की है। आग पर काबू पाने के लिए गाजियाबाद, नोएडा और अन्य जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गईं, जो कई घंटों से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

गत्ते के बड़े-बड़े बंडलों में लगी आग 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े तीन बजे साउथ इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर-22-13 स्थित प्रेम इंडस्ट्रीज में आग लगने की खबर मिली। सूचना पर फायर टेंडर मौके पर पहुंचे तो पता चला कि ये एक केमिकल फैक्ट्री है, जहां से आग की शुरुआत हुई। फायर फाइटर्स ने जब तक बचाव-राहत कार्य शुरू किया, तब तक ये आग इससे सटी गत्ता फैक्ट्री तक पहुंच चुकी थी। फैक्ट्री के प्रत्येक एंट्री-एग्जिट गेट, खिड़कियों से सिर्फ आग की तेज लपटें उठ रही थीं। फायर फाइटर्स सिर्फ बाहर से ही पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए थे, लेकिन आग अंदर गत्ते के बड़े-बड़े बंडलों में लगी हुई थी।

दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर

सीएफओ ने बताया की गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और हापुड़ जिले से दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर हैं। जेसीबी से दीवार तोड़कर एप्रोच बनाया जा रहा है, ताकि फायर फाइटर्स अंदर घुसकर आग पर तेजी से काबू पा सकें। सुबह 8 बजे तक आग पर 80 फीसदी काबू पाया जा सका था, लेकिन गत्ते के बंडलों में आग बार-बार सुलग रही है, इसलिए जेसीबी से गत्ते के रोल्स बाहर निकलवाए जा रहे हैं और फिर उन पर पानी डाला जा रहा है।

फैक्ट्री में कितना हुआ नुकसान?

बताया जा रहा है कि रात में इस फैक्ट्री में उत्पादन कार्य बंद रहता है, इसलिए जब फैक्ट्री में आग लगी तब कोई कर्मचारी मौजूद नहीं थे। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ये हादसा हुआ है। फिलहाल गत्ता फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसका कोई आकलन नहीं है। हालांकि, नुकसान काफी अधिक माना जा रहा है, क्योंकि फैक्ट्री के अंदर गत्ते के ज्यादातर बंडल जल चुके हैं और मशीनें भी आग की लपटों में आ गई। केमिकल फैक्ट्री की आग बुझा ली गई है, जबकि गत्ता फैक्ट्री की आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। ये घटना कोतवाली घंटाघर थाना क्षेत्र के साउथ साइड इंडस्ट्रियल इलाके की है।

- IANS इनपुट के साथ

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement