Wednesday, February 04, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. G-20 से इतर पीएम मोदी ने ब्रिटेन, मलेशिया, फ्रांस, दक्षिण कोरिया और ब्राजील समेत कई विश्व नेताओं से की मुलाकात, जानें मुद्दा

G-20 से इतर पीएम मोदी ने ब्रिटेन, मलेशिया, फ्रांस, दक्षिण कोरिया और ब्राजील समेत कई विश्व नेताओं से की मुलाकात, जानें मुद्दा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोहान्सबर्ग में जी-20 से इतर कई विश्व नेताओं से वार्ता कर भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयां दीं। भारत के लिए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जी-20 बेहतरीन मंच साबित हुआ है।

Edited By: Dharmendra Kumar Mishra @dharmendramedia
Published : Nov 23, 2025 11:06 am IST, Updated : Nov 23, 2025 11:10 am IST
जोहान्सबर्ग के जी-20 से इतर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डिसिल्वा (बाएं), ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर- India TV Hindi
Image Source : X@NARENDRAMODI जोहान्सबर्ग के जी-20 से इतर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डिसिल्वा (बाएं), ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर(बीच में) और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जेइ म्यूंग (दाएं) से मिलते पीएम मोदी।

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नया आयाम देने के लिए कई विश्व नेताओं से मुलाकात की। इनमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली-जे-म्यूंग, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज, कनाडा के पीएम मार्क कार्नी समेत अन्य कई देशों के विश्व नेता शामिल हैं। 

विश्व के मुद्दों और समाधान पर रहा प्रधानमंत्री का फोकस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोकस इन विश्व नेताओं से मुलाकात के दौरान वैश्विक समस्याओं और उनके समाधान पर मुख्य रूप से केंद्रित रहा। पीएम मोदी ने शनिवार को दुनिया के कई नेताओं के साथ अलग-अलग मुद्दों पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने‘‘वैश्विक तरक्की और खुशहाली के लिए साझा प्रतिबद्धता’’ जाहिर की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जोहान्सबर्ग में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से मिलना बहुत अच्छा रहा। इस साल भारत-ब्रिटेन भागीदारी में नयी ऊर्जा आई है और हम इसे कई क्षेत्रों में आगे बढ़ाते रहेंगे।” मोदी ने कहा कि मलेशिया के प्रधानमंत्री इब्राहिम के साथ उनकी “अच्छी बातचीत” हुई। उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया “द्विपक्षीय सहयोग को विविध क्षेत्रों में प्रगाढ़ करने के लिए” मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर “खुश” हुए, जिनके साथ उनकी “अलग-अलग मुद्दों पर अच्छी बातचीत हुई। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘भारत-फ्रांस के रिश्ते दुनिया की भलाई के लिए एक ताकत बने हुए हैं!’’ 

 

दक्षिण कोरिया और ब्राजील के साथ हुई सार्थक वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी ने कोरियाई नेता ली जे-म्युंग से इस साल दूसरी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह बातचीत “हमारी विशेष रणनीतिक भागीदारी में मज़बूत रफ़्तार का संकेत है। हमने अपने आर्थिक और निवेश जुड़ाव को और गहरा करने के लिए दृष्टिकोण साझा किए।” ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा से मुलाकात के बाद मोदी ने कहा, “भारत और ब्राजील अपने लोगों के फ़ायदे के लिए कारोबार और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।” प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुतारेस के साथ उनकी “बहुत सार्थक” बातचीत हुई। 

 

इन देशों के नेताओं से भी पीएम मोदी ने की मुलाकात

सम्मेलन के मुख्य सत्र से पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी समेत कई दूसरे नेताओं से भी बातचीत की। शिखर सम्मेलन में जी-20 नेताओं के साथ एक 'फोटो' साझा करते हुए मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "हम एक साथ मिलकर वैश्विक प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।’’ मोदी ने अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्वेस लौरेंको से भी मुलाकात की और कहा कि उन्हें इस साल की शुरुआत में दिल्ली में उनका स्वागत करने का सम्मान मिला। उन्होंने कहा, ‘‘भारत अंगोला के साथ दोस्ती को महत्व देता है और दोनों देश व्यापार के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंध बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।’’ प्रधानमंत्री ने सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-सिंगापुर साझेदारी विकास और स्थिरता का एक मुख्य आधार बनी हुई है।’’ मोदी ने अपने वियतनामी समकक्ष फाम मिन्ह चिन से मुलाकात की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत और वियतनाम के बीच एक मजबूत, भविष्यन्मुखी मित्रता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।’’ प्रधानमंत्री की जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ हुई मुलाकात को ‘शानदार’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के जर्मनी के साथ रिश्ते मज़बूत हैं, खासकर व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष और अन्य क्षेत्रों में।’

 

विश्व व्यापार संगठन के प्रमुख से भी वार्ता

पीएम मोदी ने इस दौरान विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के महानिदेशक डॉ. न्गोजी ओकोन्जो-इवेला से भी बातचीत की। इसके साथ ही इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से भी वार्ता की। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और इथियोपिया की साझेदारी ऐतिहासिक है और विकास में सहयोग से यह मजबूत हुई है। हम प्रौद्योगिकी, कौशल और दूसरे क्षेत्र में रिश्तों को और मजबूत करते रहेंगे।’’ प्रधानमंत्री ने सिएरा लियोन के राष्ट्रपति जूलियस माडा बायो से भी मुलाकात की। मोदी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयेसस से भी मुलाकात की और कहा, ‘‘हमेशा की तरह, तुलसी भाई से मिलकर खुशी हुई।

भारत हमेशा एक स्वस्थ्य विश्व बनाने में योगदान देगा।’’ इससे पहले, जी-20 शिखर सम्मेलन स्थल पर पहुंचने पर मोदी ने कहा कि वह दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को “गर्मजोशी से स्वागत करने और इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए धन्यवाद देते हैं।” जी20 नेताओं की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक विकास मानदंडों पर गहन पुनर्विचार का आह्वान किया और मादक पदार्थ-आतंकवाद गठजोड़ का मुकाबला करने के लिए जी-20 पहल तथा एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा प्रतिक्रिया दल बनाने का प्रस्ताव किया। (भाषा)

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement