1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायल ने युद्ध के दौरान भारत से मांगी मदद, हमास के खिलाफ ये कदम उठाने की मांग

इजरायल ने युद्ध के दौरान भारत से मांगी मदद, हमास के खिलाफ ये कदम उठाने की मांग

 Published : Oct 25, 2023 09:30 pm IST,  Updated : Oct 25, 2023 09:30 pm IST

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी की दोस्ती जगजाहिर है। इसीलिए इजरायल पर हमास के आतंकी हमले के तुरंत बाद ही पीएम मोदी ने इसकी कड़ी निंदा की थी। साथ ही इस संकट की घड़ी में इजरायल का साथ देने की बात कही थी। अब इजरायल ने भारत की इसी नैतिकता से प्रभावित होकर उससे बड़ी मदद मांगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल)- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल) Image Source : FILE

इजरायल ने हमास से चल रही जंग के दौरान पहली बार भारत से खुलकर मदद मांगी है। इजरायल को अपने दोस्त भारत पर भरोसा है कि वह जरूर उसकी बात को मानेगा और बढ़चढ़कर सहयोग करेगा। बता दें कि हमास द्वारा इजरायल पर आतंकी हमले के बाद भारत दुनिया का पहला ऐसा देश था, जिसने इजरायल पर इस अटैक की निंदा की थी। इसके बाद अमेरिका, फ्रांस, यूके समेत कई देशों ने हमले को कायराना बताया था। भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने बुधवार को कहा कि भारत के लिए समय आ गया है कि वह अन्य कई देशों की तरह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे।
 
इजराइली राजदूत ने पत्रकारों से बात करते हुए हमास के खिलाफ आतकंवाद-रोधी अभियानों में इजराइल का “100 प्रतिशत” समर्थन करने के लिए भारत के प्रति आभार भी प्रकट किया। गिलोन ने कहा कि इजराइल ने सात अक्टूबर को हुए बर्बर हमले के बाद संबंधित भारतीय प्राधिकारियों से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही, उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले को पहले भी उठाया जा चुका है। गिलोन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन शुरुआती वैश्विक नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने आतंकवादी हमले की निंदा की।
 
इजरायल ने कहा-भारत दुनिया का सबसे नैतिक देश
भारत दुनिया में एक बहुत ही महत्वपूर्ण नैतिक पहचान वाला देश है और हमारे लिए महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं।” उन्होंने कहा, “भारत के लिए यही समय है कि वह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे।” गिलोन ने कहा कि कई देश पहले ही ऐसा कर चुके हैं। सात अक्टूबर को गाजा से हमास के चरमपंथियों ने इजराइल के खिलाफ अभूतपूर्व और विभिन्न मोर्चों से हमला कर दिया था, जिसके बाद से संघर्ष जारी है। इजराइल ने भी बदला लेने के इरादे से गाजा पर भीषण जवाबी हमला किया है। गिलोन ने कहा, “इजराइल के लिए यह पश्चिम एशिया में अस्तित्व बचाने का युद्ध है।” उन्होंने कहा कि इजराइल हमास को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। ​ (भाषा) 
 
यह भी पढ़ें
समुद्र के रास्ते इजरायल में घुसपैठ कर रहे थे 2 हमास आतंकी, इजरायली सेना ने पानी में ही कर दिया खल्लास; देखें वीडियो

गाजा पट्टी में खत्म हो चुका है ईंधन, पीड़ितों तक मदद पहुंचाने में हो रही मुश्किल; UN ने दी ये चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश