Monday, February 02, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election 2025: पहले चरण में बंपर वोटिंग, किसकी जीत होगी तय? 10 प्वाइंट्स में जानें सबकुछ

Bihar Election 2025: पहले चरण में बंपर वोटिंग, किसकी जीत होगी तय? 10 प्वाइंट्स में जानें सबकुछ

बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 121 सीटों पर आज पहले चरण के लिए वोटिंग हुई। जानकारी के मुताबिक इस चरण में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। खासकर, महिलाएं घर से निकलीं और वोटिंग में हिस्सा लिया। जानें वोटिंग से जुड़ी खास बातें, 10 प्वाइंट्स में....

Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
Published : Nov 06, 2025 06:44 pm IST, Updated : Nov 06, 2025 09:44 pm IST
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण- India TV Hindi
Image Source : PTI बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण

बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 121 सीटों के लिए हुए पहले चरण के मतदान में वोटर्स ने इतिहास रच दिया है। वोटिंग आज यानी 6 नवंबर को सुबह सात बजे से शुरू हुई और देर शाम तक मिले आंकड़ों के मुताबिक 65 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की है। इस बार की वोटिंग 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से काफी ज्यादा है। आज सुबह से महिलाओं और युवाओं की लंबी लंबी लाइनें सुबह से ही मतदान केंद्रों पर दिखीं। हालांकि, उपमुख्यमंत्री और जदयू प्रत्याशी विजय सिन्हा पर हमले और राजद द्वारा महागठबंधन के "मज़बूत बूथों" में बिजली काटे जाने के आरोपों के कारण मतदान में कई बार बाधा उत्पन्न हुई, लेकिन कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। पहले चरण में सत्तारूढ़ एनडीए और फिर से उभर रहे महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 1951 के बाद से ऐतिहासिक मतदान के लिए मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग में पूर्ण विश्वास व्यक्त करने और इतनी बड़ी संख्या में उत्साह और जोश के साथ मतदान करने के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूरी पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करने के लिए पूरी चुनाव मशीनरी को भी धन्यवाद दिया।

आज की वोटिंग तय करेगी अहम भूमिका

बता दें कि 2020 में, राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने बढ़त हासिल की थी और एनडीए को 55 सीटों के मुकाबले 63 सीटें मिली थीं। यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या इस बार के चुनाव में इतिहास खुद को दोहराता है, क्योंकि राजधानी पटना सहित जिन विधानसभा सीटों पर आज मतदान हुआ है, वो सीटें अक्सर बिहार की राजनीति की नब्ज तय करती रही हैं। पहले चरण में कई मंत्रियों के साथ-साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और राजद से अलग हुए उनके भाई तेज प्रताप की किस्मत भी तय होगी। तो वहीं, चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को 'एक्स' फैक्टर बताया जा रहा है, जो इस बेहद रोमांचक मुकाबले में रोमांच का तड़का लगा रहे हैं। 

बिहार चुनाव

Image Source : FILE PHOTO
बिहार चुनाव

बिहार चुनाव के पहले चरण में क्या क्या खास रहा, 10 प्वाइंट्स में जानें 

  1. पहले चरण में सीएम नीतीश कुमार सरकार के कई मंत्री, जिनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी शामिल हैं, इन सभी मंत्रियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। सिन्हा अगर इस बार चुनाव जीतते हैं तो लखीसराय सीट से उनकी लगातार चौथी जीत होगी, वहीं सम्राट चौधरी लगभग एक दशक बाद तारापुर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी जीत पर भी सबकी नजर रहेगी।
     
  2. सीवान की हाई-प्रोफाइल सीट से बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष 53 वर्षीय मंगल पांडे पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, इस सीट पर उनका मुकाबला राजद के अवध चौधरी से है, जो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं।
     
  3. बता दें कि बिहार का कोई भी चुनाव बाहुबली राजनीति के बिना कैसे पूरा हो सकता है? तो इसे प्रमाणित करते हुए इस बार भी, कई बाहुबली चुनावी मैदान में हैं, जिसमें मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब रघुनाथपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं तो वहीं, जदयू के अनंत सिंह और सूरजभान के रूप में परोक्ष में उनकी पत्नी वीणा देवी तक शामिल हैं।
     
  4. मोकामा में एक जन सुराज समर्थक की हत्या के बाद, जो एक सामान्य विधानसभा चुनाव की लड़ाई लग रही थी, वह दो बाहुबली नेताओं के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई में बदल गई है। हत्या के सिलसिले में जेल में बंद जदयू के अनंत सिंह, राजद के गैंगस्टर सूरजभान की पत्नी के साथ सीधी टक्कर में हैं।
     
  5. महिलाओं के निर्णायक मतदाता समूह के रूप में उभरने के साथ, सत्ता पक्ष औ विपक्ष, दोनों  ने बड़े-बड़े वादे किए हैं। एनडीए ने जहां 10,000 रुपये की नकद हस्तांतरण योजना के साथ लोगों को लुभाया है, वहीं विपक्ष ने तेजस्वी यादव द्वारा 'माई बहन मान योजना' के तहत 30,000 रुपये देने के वादे के साथ इसका जवाब दिया है।
     
  6. यह चुनाव मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की छाया में हो रहे हैं, जिसमें लगभग 60 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए। विपक्ष का आरोप है कि यह प्रक्रिया हाशिए पर पड़े समुदायों के लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित करने का एक प्रयास है।
     
  7. पहले चरण की वोटिंग के दौरान राजद ने आरोप लगाया है कि महागठबंधन के "मजबूत बूथों" पर जानबूझकर मतदान धीमा करने के लिए बिजली आपूर्ति बीच-बीच में काटी जा रही है। पार्टी ने चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया है। बिहार चुनाव आयोग ने आरोपों को "पूरी तरह से निराधार और भ्रामक" बताते हुए खारिज कर दिया।
     
  8. राघोपुर में ज़ोरदार मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां तेजस्वी का मुकाबला भाजपा के सतीश कुमार से है, जिन्होंने 2010 के चुनावों में उनकी मां राबड़ी देवी को हराया था। बगल की महुआ सीट पर, तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप मौजूदा राजद विधायक मुकेश रौशन से यह सीट छीनने की कोशिश करेंगे।
     
  9. लोक गायिका मैथिली ठाकुर, जो भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, अलीनगर से चुनाव लड़ रही हैं, जो लंबे समय से राजद का गढ़ रहा है। भाजपा की सबसे युवा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर, ब्राह्मण जाति से उम्मीदवार हैं।
     
  10. भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, जो छपरा से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, और रितेश पांडे, जो करगहर से जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, भी चुनावी समर में ताल ठोक रहे हैं।

ये भी पढ़ें:
लखीसराय में बीच सड़क पर विजय सिन्हा और आरजेडी MLC के बीच तीखी नोंकझोक, हाई वोल्टेज ड्रामा का वीडियो आया सामने
Bihar Election First Phase Voting: बिहार रचेगा इतिहास, जानें कब हुई सबसे ज्यादा वोटिंग, किसकी बनी थी सरकार

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement