1. Hindi News
  2. बिहार
  3. खराब माइक को ठोकते हुए नजर आए सीएम नीतीश कुमार, सामने आया वीडियो

खराब माइक को ठोकते हुए नजर आए सीएम नीतीश कुमार, सामने आया वीडियो

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 24, 2025 04:37 pm IST,  Updated : Sep 24, 2025 04:40 pm IST

बिहार के कैमूर में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए जैसे ही सीएम नीतीश कुमार उठे माइक खराब हो गया। इसके बाद माइक को वह ठोकते हुए नजर आए।

सीएम नीतीश कुमार - India TV Hindi
सीएम नीतीश कुमार Image Source : REPORTER

कैमूर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को हवाई मार्ग से कैमूर पहुंचे, जहां उन्होंने चैनपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद भभुआ के पटेल कॉलेज मैदान में लगे स्टाल का जायजा लिया और जनता से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लगभग 98 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 178 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में पहुंचे मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान और एनडीए के नेताओं ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह सॉल्व बुक देकर सम्मानित किया।

सीएम नीतीश का माइक हो गया खराब

कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए जैसे ही सीएम नीतीश कुमार उठे माइक खराब हो गया। जिससे उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नीतीश कुमार माइक को ठोकते हुए नजर आए। इसके बाद मंच पर मौजूद लोगों ने माइक को ठीक किया। एनडीए कार्यकर्ताओं एवं जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने लालू एवं राबड़ी राज पर तीखा प्रहार किया। 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार विकास की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। कैमूर जिला के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि 2006 से पहले बिहार में विकास के नाम पर कुछ नहीं था, लेकिन उनकी सरकार के आने के बाद गांव-गली, नाली, रोड और स्वास्थ्य सेवाओं में खास सुधार हुआ है। 

यहां देखें वीडियो

50 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य 

उन्होंने महिलाओं के लिए पोशाक और साइकिल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 50 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में सरकारी नौकरी में महिलाओं को 35% आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने गर्व से बताया कि बिहार में पुलिस विभाग में महिलाओं की संख्या भारत के किसी भी राज्य से अधिक है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बिहार के हर घर तक बिजली पहुंचाई जाएगी और सौर ऊर्जा से रोशनी मुहैया कराई जाएगी। मुंडेश्वरी मां के विकास कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा। 

अधौरा में डिग्री कॉलेज और चैनपुर में मेडिकल कॉलेज निर्माण का भी जल्द शुभारंभ होगा। अधूरा प्रखंड में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। हालांकि, सभा के दौरान कुछ युवा हाथों में पंपलेट लेकर “नीतीश कुमार मुर्दाबाद” के नारे भी लगाते देखे गए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने विकास के मुद्दों पर जनता को भरोसा दिया कि बिहार तेजी से उन्नति कर रहा है।

(कैमूर से मुकुल जायसवाल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।