1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाला संदिग्ध छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया, सीएम साय ने दी बड़ी जानकारी

अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाला संदिग्ध छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया, सीएम साय ने दी बड़ी जानकारी

 Published : Jan 18, 2025 08:44 pm IST,  Updated : Jan 18, 2025 09:06 pm IST

एक्टर सैफ अली खान पर उनके आवास पर हुए हमले के सिलसिले में शनिवार को छत्तीसगढ़ में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस की एक टीम संदिग्ध से पूछताछ के लिए दुर्ग जा रही है।

संदिग्ध आकाश कनौजिया- India TV Hindi
संदिग्ध आकाश कनौजिया Image Source : INDIA TV

दुर्गः अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक संदिग्ध हिरासत में लिया गया है। संदिग्ध की पहचान 31 साल के आकाश कनौजिया के रूप में की गई है। मुनव्वर खुर्शीद, आईजी आरपीएफ एसईसीआर जोन ने बताया कि इस संदिग्ध के बारे में मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहा है। उन्होंने संदिग्ध की फोटो साझा की है। संदिग्ध को दुर्ग आरपीएफ पोस्ट लाया गया और वीडियो कॉल के जरिए मुंबई पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया गया। संदिग्ध को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम आज रायपुर पहुंचेगी। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी ये जानकारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बताया कि सैफ अली खान पर हमला करने वाले संदिग्ध को दुर्ग से पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस छत्तीसगढ़ आ रही है। जल्द ही संदिग्ध को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। 

 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहा था संदिग्ध

 
सैफ अली खान पर हमला मामले में हिरासत में लिए गए संदिग्ध के बारे में आरपीएफ दुर्ग प्रभारी संजीव सिन्हा ने बताया कि हमें मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहा है। उन्होंने उसका फोटो और टावर लोकेशन साझा किया। उस आधार पर हमने जनरल कोच की जांच की और उसे ढूंढ लिया। मुंबई पुलिस के अधिकारियों से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया गया और संदिग्ध की पहचान की पुष्टि की गई। उसे हिरासत में लिया गया है। 

हमलावर की शक्ल संदिग्ध से मिलती हैः आरपीएफ

आरपीएफ के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान हमले के आरोपी की जो फोटो शेयर की है, उसकी शक्ल ट्रेन से हिरासत में लिए गए शख्स से मिलती है। हालांकि, अंतिम पुष्टि मुंबई पुलिस के छत्तीसगढ़ पहुंचने के बाद की जाएगी। संदिग्ध से आगे की पूछताछ मुंबई पुलिस करेगी।  

मुंबई का रहने वाला है संदिग्ध

आरपीएफ दुर्ग प्रभारी संजीव सिन्हा ने कहा कि रेलवे पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने खुलासा किया कि वह मुंबई का रहने वाला है और अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए बिलासपुर जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि संदिग्ध मुंबई के कोलाबा इलाके में रहता है और उसे बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया था।

बता दें कि एक्टर सैफ अली खान पर हमला गुरुवार तड़के बांद्रा स्थित उनके घर पर चाकू से हुआ था। सैफ अली खान को एक ऑटोरिक्शा में लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी  सर्जरी की गई और वह खतरे से बाहर हैं।

इनपुट- एएनआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।