हरियाणा के नूह में तालाब में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। यह तालाब खेत की मिट्टी निकालने से बना था। जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और दो लड़कियां शामिल हैं। घटना नूंह जिले के सलाहेड़ी गांव की है, जिसमें एक परिवार के चार सदस्य की पानी में डूबने की वजह से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक महिलाएं जमशिदा (40) साल और मकीना (35) साल की थीं, जो आपस में जेठानी-देवरानी थी। ये दोनों परिवार के साथ गांव से थोड़ी दूर अपने खेत पर बने मकान में रहती थीं।
शनिवार दोपहर दोनों महिलाएं अपनी 11-12 साल की बेटियों सोफिया और सुमईया के साथ घर के पास दूसरे के खेत में बने तालाब में कपड़े धोने गई थीं। कपड़े धोने के दौरान उनकी बच्चियां तालाब में नहाने लगीं, लेकिन करीब 10 फीट गहराई के इस तालाब का उन्हें अंदाजा नहीं लगा और बच्चियां डूबने लगीं। ऐसा देख दोनों महिलाएं भी बच्चियों को बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ी, लेकिन बच्चियों को बचाने के दौरान दोनों महिलाएं भी इस तालाब में डूब गईं।
कई घंटे बाद मिले शव
करीब शाम साढ़े पांच बजे गांव की दो महिलाएं जेबुना और मैमूना तालाब में भैंस नहलाने पहुंची। उन्होंने तालाब किनारे कपड़े और तालाब में तैरती चप्पल देखी तो हादसे का अंदाजा लगा। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी तो काफी लोग पहुंचे और तालाब में कूदकर शवों को निकाला। हादसे की सूचना पाकर सदर थाना नूंह पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। वही, इस हादसे के चलते सालाहेड़ी गांव सहित इलाके में मातम छा गया। मृतक महिलाओं के पति ड्राइवर का काम करते हैं।
हाजी हनी का बयान
हाजी हनी ने बताया कि महिलाएं और बच्चे कपड़े धोने के लिए गए हुए थे। किस वजह से हादसा हुआ, ये जांच के बाद पता चलेगा। स्थानीय महिलाओं ने कपड़े-चप्पल देखकर बाकी लोगों को बताया जिसके बाद डेड बॉडी निकाली गई है और पुलिस को खबर दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नूंह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
(नूह से सुनील कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
VIDEO: गुरुग्राम में भीषण रोड एक्सीडेंट, THAR कार के उड़े परखच्चे, 2 युवकों और 3 युवतियों की मौत