1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'सिडनी डायलॉग' में पीएम मोदी का भाषण, टेक्नोलॉजी विकास पर चर्चा

'सिडनी डायलॉग' में पीएम मोदी का भाषण, टेक्नोलॉजी विकास पर चर्चा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 18, 2021 06:59 am IST,  Updated : Nov 18, 2021 02:11 pm IST

भारत में प्रौद्योगिकी विकास तथा क्रांति’ विषय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना भाषण देनेवाले हैं। सिडनी डायलॉग' में पीएम मोदी का भाषण अहम माना जा रहा है।

Highlights

  • प्रधानमंत्री मोदी भारत में ‘प्रौद्योगिकी विकास और क्रांति’ थीम पर अपने विचार रखेंगे
  • पीएम मोदी के संबोधन से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन उद्घाटन भाषण देंगे
  • 'सिडनी डायलॉग' 17 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'सिडनी डायलॉग' में ‘भारत में प्रौद्योगिकी विकास तथा क्रांति’ विषय पर मुख्य संबोधन देंगे। 'सिडनी डायलॉग' 17 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। यह ‘ऑस्ट्रेलियन स्ट्रेटेजिक पॉलिसी इंस्टीट्यूट’ की एक पहल है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री 18 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह लगभग नौ बजे ‘सिडनी संवाद’ में मुख्य भाषण देंगे। 

प्रधानमंत्री मोदी भारत में ‘प्रौद्योगिकी विकास और क्रांति’ थीम पर अपने विचार व्‍यक्‍त करेंगे। उनके संबोधन से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन उद्घाटन भाषण देंगे। इससे पहले नरेंद मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे सिडनी संवाद को संबोधित करूंगा। यह मंच प्रौद्योगिकी के नए मार्ग और धरती की भलाई के लिए कैसे उनका लाभ उठाया जा सकता है, इस पर केंद्रित है।’’ 

'सिडनी डायलॉग' दरअसल राजनेताओं, उद्योग क्षेत्र की हस्तियों और शासन प्रमुखों को व्‍यापक चर्चा करने, नए विचार सृजित करने और उभरती एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों से उत्पन्न अवसरों एवं चुनौतियों की सामान्य समझ विकसित करने की दिशा में काम करने के लिए एक मंच पर लाएगा। ‘सिडनी संवाद’ में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मॉरिसन और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे भी मुख्य भाषण देंगे। 

भारत, रूस ‘टू प्लस टू’ वार्ता आयोजित करने पर कर रहे विचार 

 भारत-रूस ‘टू प्लस टू’ रक्षा और विदेश मंत्रिस्तरीय संवाद का पहला संस्करण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक शिखर बैठक के साथ आयोजित किया जा सकता है, जिसके छह दिसंबर को होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष मुख्य रूप से समय संबंधी मुद्दों के कारण शिखर सम्मेलन के समय ‘टू प्लस टू’ वार्ता आयोजित करने पर विचार कर रहे हैं। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत