नई दिल्ली: 26 साल पहले जब बीजेपी के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी का रथ बिहार में घुसा था, तो बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने उनकी गिरफ्तारी का आदेश जारी कर दिया था। उन्होंने गुजरात के सोमनाथ से उत्तर प्रदेश के अयोध्या तक के सफर पर निकले आडवाणी के रथ को रोकने के लिए 2 अफसरों को चुना था। उन्हीं 2 अफसरों में से एक, राज कुमार सिंह उर्फ आर के सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें बिजली, नवीन एवं नवीनीकृत ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
यूं रोकी थी आडवाणी की रथयात्रा
अक्टूबर 1990 में आर के सिंह बिहार सरकार में सेक्रटरी के तौर पर तैनात थे। वह राज्य सरकार के विशेष चॉपर में IPS ऑफिसर रामेश्वर ओरांव बैठकर सुबह ही राजधानी पटना से समस्तीपुर पहुंचे। यह आर के सिंह ही थे जिन्होंने उस सर्किट हाउस का दरवाजा खटखटाया जहां लालकृष्ण आडवाणी रुके हुए थे। उन्होंने आडवाणी से कहा कि उनके पास उनकी गिरफ्तारी का वॉरंट है। ओरांव और सिंह उसके बाद आडवाणी को लेकर पटना से मासनजेर गेस्ट हाउस पहुंचे जो झारखंड के दुमका जिले में स्थित है।
बिहार के आरा से सांसद हैं आर के सिंह
आर के सिंह बिहार के आरा से लोकसभा सांसद हैं। इसके अलावा वह संसद के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, पेंशन, जन शिकायत और कानून और न्याय संबंधी मामलों की स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य भी हैं। राज कुमार सिंह 1975 बैच (बिहार काडर) के पूर्व IAS अधिकारी हैं।
आडवाणी के अंडर में गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव थे
20 दिसंबर 1952 को जन्मे सिंह ने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उन्होंने पुलिस आधुनिकीकरण और जेल आधुनिकीकरण की योजनाओं में भी खासा योगदान किया। इसके अलावा वह आपदा प्रबंधन का ढांचा तैयार करने में भी शामिल रहे। यूपीए सरकार के कार्यकाल में वह सचिव रक्षा उत्पादन रहे। जब आडवाणी गृह मंत्री थे तब सिंह गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव थे। इसके अलावा बिहार सरकार के विभागों में भी उनकी सेवाएं रहीं।
अंग्रेजी साहित्य और कानून में है डिग्री
इन्होंने पुलिस और जेल आधुनिकीकरण और आपदा प्रबंधन के लिए ढांचा तैयार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके अलावा आर के सिंह ने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में पढ़ाई की है फिर कानून में बैचलर डिग्री हासिल की। वह नीदरलैंड की RVB ड्वेल्फ यूनिवर्सटी से भी पढ़ाई कर चुके हैं।
संपादक की पसंद