1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. तेंदुए ने सात साल के बच्चे को मां की गोद से छीना और मार डाला, वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा

तेंदुए ने सात साल के बच्चे को मां की गोद से छीना और मार डाला, वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा

 Published : Mar 06, 2025 11:50 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 11:58 pm IST

महाराष्ट्र के जलगांव में तेंदुए ने सात साल के बच्चे को उसकी मां की गोद से छीन लिया और मार डाला। तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

जलगांवः महाराष्ट्र के जलगांव में मां के साथ जा रहे सात साल के एक बच्चे को तेंदुए ने मार डाला। मामला जिले के यावल तहसील के किंगांव इलाके की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दोपहर 2 से 3.30 बजे के बीच मां-बेटे घूम रहे थे। तेंदुए के हमले में 7 वर्षीय आदिवासी बालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा देखा जा रहा है। 

मां के साथ जंगल जा रहा था बच्चा

 बताया जा रहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना उस समय घटी जब बालक केशा प्रेमा बारेला (आयु 7) अपनी मां के साथ गणकी के जंगल में जा रहा था। अचानक हुए हमले में तेंदुए ने बच्चे को उसकी मां की गोद से छीन लिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से साकली-किनगांव क्षेत्र समेत पूरे यावल तहासिल में भय का माहौल पैदा हो गया है।  

वन विभाग की तरफ से नहीं मिली प्रतिक्रिया

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और वन विभाग पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने पश्चिमी वन मंडल के वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील भिलावे से संपर्क करने का प्रयास किया। हालांकि, उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।  

मंत्री ने तेंदुए को पकड़ने का दिया आदेश

इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।  ग्रामीणों ने वन विभाग के लापरवाह प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया है। इस बीच, पालकमंत्री गुलाबराव पाटिल ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक तेंदुआ वन विभाग की पकड़ से बाहर था। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 

 (जलगांव से नरेंद्र कदम की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।