UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज यूपी का 2026-27 का बजट पेश कर दिया है। इस बार राज्य के लिए कुल 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। इस बजट को उत्तर प्रदेश के लिए खासा अहम माना जा रहा है क्योंकि साल 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ये योगी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट है। अगले साल यूपी चुनावों से पहले अंतरिम बजट पेश किया जाएगा। इस बार उत्तर प्रदेश बजट में आईटी एवं इलेक्ट्रोनिक्स के लिए अच्छा-खासा आवंटन किया गया है जिससे बदलते तकनीक के दौर में यूपी को आगे बनाए रखने के लिए तकनीकी सपोर्ट मिलता रहेगा।
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की योजनाओं के लिये 2,059 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है जो वर्ष 2025-2026 की तुलना में 76 परसेंट ज्यादा है। इसके अलावा एआई के क्षेत्र में विकास के लिए उत्तर प्रदेश एआई मिशन का आरम्भ किया जा रहा है जिसके लिये 225 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। इण्डिया एआई मिशन के साथ प्रदेश की 49 आई.टी.आई. को एआई लैब के साथ ही राज्य में एआई सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस तथा इण्डिया एआई डाटा लैब्स की स्थापना हेतु 32 करोड़ 82 लाख रुपये की व्यवस्था की जा रही है।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने ऐलान किया कि साइबर सुरक्षा संचालन केन्द्र की स्थापना की नई योजना प्रस्तावित की जा रही है जिसके लिये 95 करोड़ 16 लाख रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की जा रही है। एआई-प्रजा कार्यक्रम की शुरूआत की गई है और इस पहल में माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, इंटेल, आईबीएम, और वन एम वन बी जैसी वैश्विक स्तर की कम्पनियां एआई प्रशिक्षण में यूपी सरकार के साथ काम कर रही हैं। इसमें किसानों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों, डॉक्टरों सहित राजकीय अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना में टैबलेट/स्मार्ट फोन के वितरण की प्रक्रिया गतिमान है। इस योजना हेतु 2374 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।
उत्तर प्रदेश में 30,000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 8 डाटा सेन्टर पार्क की स्थापना और 900 मेगावॉट क्षमता का लक्ष्य रखा गया है। अपडेट 8 परियोजनाओं को लेटर ऑफ कम्फर्ट निर्गत किये गये हैं जिनमें 6 डाटा सेन्टर पार्क्स और 2 डाटा सेन्टर यूनिट्स हैं। इससे लगभग 21,342 करोड़ रुपये का निवेश और 644 मेगावॉट की क्षमता अर्जित की गयी हैं।
ये भी पढ़ें
YouTube Music दे रहा यूजर्स को नया कमाल का फीचर, AI की मदद से फटाफट बनाएं पसंदीदा गानों की प्लेलिस्ट
संपादक की पसंद