1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से बच्ची ने गंवाया पैर, डिप्टी CM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से बच्ची ने गंवाया पैर, डिप्टी CM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 16, 2023 11:52 pm IST,  Updated : May 16, 2023 11:52 pm IST

प्लास्टर चढ़ाने के बाद झोलाछाप डॉक्टर ने बच्ची को कुछ दवाएं खाने को दीं। प्लास्टर के बाद रिम्मी के पैर में सड़न शुरू हो गई। संक्रमण लगातार बढ़ता गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले एक दुखद खबर सामने आई है। यहां के झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से एक बच्ची ने अपना दाहिना पैर गंवा दिया। बच्ची की उम्र 10 साल बताई गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी और सीएमओ घटना की जांच कर उपमुख्यमंत्री को रिपोर्ट भेजेंगे। झोलाछाप के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 

आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बहराइच स्थित मोतीपुर के दौलतपुर गांव निवासी अरविंद गुप्ता की 10 वर्षीय बेटी रिम्मी गुप्ता सड़क हादसे में जख्मी हो गई थी। उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई थी। अभिभावकों ने रिम्मी को खैरीघाट के रामपुर चौराहे पर संचालित क्लीनिक ले गए। यहां झोलाछाप डॉक्टर ने पैर में फ्रैक्चर बताया। प्लास्टर चढ़ाने की सलाह दी तो अभिभावकों ने प्लास्टर चढ़ाने को कहा।

बच्ची के पैर में संक्रमण लगातार बढ़ता गया

प्लास्टर चढ़ाने के बाद झोलाछाप डॉक्टर ने बच्ची को कुछ दवाएं खाने को दीं। प्लास्टर के बाद रिम्मी के पैर में सड़न शुरू हो गई। संक्रमण लगातार बढ़ता गया। इसके बाद अभिभावक बेटी को लेकर केजीएमयू के ऑर्थोपेडिक्स विभाग आए। यहां डॉक्टरों ने कई जरूरी जांच कराईं। जांचों में गंभीर संक्रमण की पुष्टि हुई। बच्ची की जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने रिम्मी का संक्रमित पैर काटने की सलाह दी। इसके बाद पिता अरविंद ने ऑपरेशन की अनुमति दे दी।

दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए- डिप्टी सीएम

अरविंद ने झोलाछाप डॉक्टर की शिकायत डिप्टी सीएम, जिलाधिकारी और सीएमओ से की। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले को गंभीरता से लिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि जिलाधिकारी और सीएमओ तत्काल मामले की जांच करें। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डिप्टी सीएम ने बलिया के जिला अस्पताल में मरीज की संदिग्ध हालात में मौत होने पर पोस्टमार्टम में देरी संबंधी मामले का संज्ञान लिया है। उपमुख्यमंत्री ने आजमगढ़ मंडलीय निदेशक को उस मामले की जांच कर पूरी रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर मांगी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही के लिए कोई माफी नहीं होगी, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।