1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ की प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बिना इजाजत नमाज पढ़ने पर मचा बवाल, तीन सुरक्षाकर्मी सस्पेंड

मेरठ की प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बिना इजाजत नमाज पढ़ने पर मचा बवाल, तीन सुरक्षाकर्मी सस्पेंड

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 15, 2025 09:46 pm IST,  Updated : Mar 15, 2025 09:49 pm IST

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले को लेकर छात्र खालिद प्रधान और तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। गंगा नगर थाने के प्रभारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Namaz- India TV Hindi
नमाज Image Source : FILE

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बिना इजाजत सार्वजनिक रूप से नमाज पढ़े जाने पर बवाल मच गया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मु्ताबिक आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के छात्र खालिद प्रधान उर्फ खालिद मेवाती की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किए जाने के बाद यह घटना सुर्खियों में आई। वीडियो में छात्र यूनिवर्सिटी परिसर में नमाज अदा करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय हिंदू समूहों ने इस घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया है। 

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज

वहीं, यूनिवर्सिटी  प्रशासन ने मामले को लेकर छात्र खालिद प्रधान और तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। गंगा नगर थाने के प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि कार्तिक हिंदू नामक व्यक्ति की शिकायत पर खालिद मेवाती के इंस्टाग्राम पेज खालिद प्रधान 302 के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय हिंदू समूह बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने और होली के त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर जानबूझकर वीडियो को साझा किए जाने का हवाला देते हुए खालिद की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 

सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश?

यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने कहा कि आंतरिक जांच में पाया गया है कि प्रशासन की इजाजत के बिना परिसर में नमाज पढ़ने और इसका वीडियो वायरल करने का उद्देश्य य़ूनिवर्सिटी में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना प्रतीत होता है। शर्मा के मुताबिक, इस मामले में जांच समिति ने मुख्य आरोपी खालिद को उसका पक्ष रखने के लिए बुलाया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि तीन सुरक्षाकर्मियों को भी लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।