1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. 'अमेरिका से समझौता खत्म होने बाद भी मॉस्को परमाणु हथियार सीमा का करेगा पालन': पुतिन

'अमेरिका से समझौता खत्म होने बाद भी मॉस्को परमाणु हथियार सीमा का करेगा पालन': पुतिन

 Published : Sep 22, 2025 06:06 pm IST,  Updated : Sep 22, 2025 06:30 pm IST

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान दिया है। पुतिन ने कहा है कि अमेरिका के साथ परमाणु समझौते की समाप्ति के बाद भी मॉस्को एक और साल तक परमाणु हथियार सीमा का पालन करेगा।

Vladimir Putin- India TV Hindi
Vladimir Putin Image Source : AP

Russia And America Nuclear Pact: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिका के साथ परमाणु समझौते की फरवरी में समाप्ति के बाद भी मॉस्को एक और साल तक परमाणु हथियार सीमा का पालन करेगा। न्यू स्टार्ट संधि रूस और अमेरिका के बीच बचा हुआ आखिरी हथियार नियंत्रण समझौता है। पुतिन ने कहा कि 2010 के न्यू स्टार्ट समझौते की समाप्ति से वैश्विक स्थिरता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। रूस की सुरक्षा परिषद के सदस्यों के साथ एक बैठक में बोलते हुए, उन्होंने कहा कि रूस उम्मीद करेगा कि अमेरिका भी संधि की सीमाओं का पालन करे।

क्या है न्यू स्टार्ट समझौता?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और दिमित्री मेदवेदेव के बीच हस्ताक्षरित न्यू स्टार्ट समझौते के तहत प्रत्येक देश के पास 1,550 से अधिक परमाणु हथियार और 700 से अधिक मिसाइलें और बमवर्षक तैनात नहीं हो सकते। अब इस समझौते की समाप्ति और इसके बाद के समझौते पर बातचीत की कमी ने कई लोगों को चिंता कर दिया है। समझौते के तहत ऑन साइट निरीक्षण की परिकल्पना भी की गई है, लेकिन 2020 से यह पूरी तरह से निष्क्रिय पड़ा है।

पुतिन ने 2023 में लिया था बड़ा फैसला

फरवरी 2023 में, पुतिन ने संधि में मॉस्को की भागीदारी को निलंबित कर दिया था। पुतिन ने तब यह कहा था कि रूस ऐसे समय में अपने परमाणु स्थलों का अमेरिकी निरीक्षण नहीं होने दे सकता जब वाशिंगटन और उसके नाटो सहयोगियों ने खुले तौर पर यूक्रेन में मॉस्को की हार को अपना लक्ष्य घोषित कर दिया है। हालांकि, मॉस्को ने जोर देकर कहा है कि वह इस संधि से पूरी तरह पीछे नहीं हट रहा है और संधि द्वारा निर्धारित परमाणु हथियारों की सीमा का सम्मान करता रहेगा।

रूस और यूक्रेन में जारी है जंग

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे पर अपने-अपने देशों के नागरिक क्षेत्रों में घातक ड्रोन हमले किए जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के दौरान कूटनीतिक गतिविधियों के लिहाज से 'काफी व्यस्त सप्ताह' रहने की आशा जताई, जहां सुरक्षा परिषद के तीन साल से अधिक समय से जारी युद्ध पर चर्चा करने की उम्मीद है। जेलेंस्की ने अमेरिका के नेतृत्व में किए जा रहे शांति प्रयास को गति देने के उद्देश्य से संघर्ष विराम और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक शिखर बैठक करने की पेशकश की है। वहीं, रूस ने कुछ प्रस्तावों पर आपत्ति जताई है, जिससे फिलहाल इस युद्ध का अंत नजर नहीं आ रहा है।

यह भी पढ़ें:

गाजा में इजरायली रक्षा बलों की जगह इंटरनेशनल फोर्स क्यों तैनात करना चाहता है फ्रांस, उद्देश्य के पीछे की पूरी कहानी

रूस के खिलाफ जंग में यूक्रेन ने उतरे 'रोबोट ऑन व्हील्स', खतरनाक के साथ-साथ ये वाहन हैं बेहद खास

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश