न्यूयॉर्क: पाकिस्तान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नमक खाने का कर्ज शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अदा कर दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप को शांति का दूत बताते हुए उनको नोबल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है। यूएनजीए में ट्रंप को नोबल के लिए नामित करने वाला पाकिस्तान दुनिया का पहला देश बन गया है। पाकिस्तान ने यूएनजीए में यह प्रस्ताव तब दिया है, जब हाल ही में पाक पीएम शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने ट्रंप से ह्वाइट हाउस में मुलाकात की थी।
ट्रंप ने कहा था- महान हैं शहबाज और मुनीर
ट्रंप ने पाकिस्तान से नोबेल पुरस्कार के लिए खुद को नामित करवाने के लिए शहबाज शरीफ और असीम मुनीर की भी जमकर मक्खनबाजी की थी। ट्रंप ने उन्हें लुभाने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दुनिया भर में आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान को महान देश और उसके प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ग्रेट मैन कहा था। इसके साथ ही फील्ड मार्शल असीम मुनीर को भी ट्रंप ने महान इंसान कहकर संबोधित किया। ट्रंप को इस फल भी मिला और पाकिस्तान ने यूएनजीए में ट्रंप को नोबल पुरस्कार के लिए नामित कर दिया।
क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म पर क्या बोले शहबाज
यूएनजीए से इतर एएनआई के क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म यानि सीमा पार आतंकवाद पर अंकुश लगाने के एक सवाल पर शहबाज शरीफ पहले तो कुछ नहीं बोले और वह इसे इग्नोर कर आते बढ़ते गए। मगर सवाल दोहराये जाने पर शहबाज ने पलटकर कहा कि "हम सीमा-पार आतंकवाद को हरा रहे हैं। हम उन्हें हरा रहे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने यह बयान संयुक्त राष्ट्र में प्रवेश करते समय ANI द्वारा सीमा-पार आतंकवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिया।
भारत के साथ बातचीत को तैयार शहबाज
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश सभी लंबित मुद्दों पर भारत के साथ ‘‘समग्र, व्यापक और परिणामोन्मुखी’’ बातचीत के लिए तैयार है। इसके साथ ही कश्मीर पर भी अपनी टीस निकाली और भारत की आलोचना की। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में शरीफ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र किया और दावा किया कि मई में चार दिनों तक चले संघर्ष के दौरान ‘‘सात भारतीय विमान क्षतिग्रस्त हुए थे।’’
पाकिस्तान के 6 विमान हुए थे ध्वस्त
भारत के एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने पिछले महीने कहा था कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान को मार गिराया था। अपने संबोधन में, शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके ‘‘शांति प्रयासों ने दक्षिण एशिया में एक युद्ध को टालने में मदद की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे क्षेत्र में शांति को बढ़ावा देने में राष्ट्रपति ट्रंप के अद्भुत और उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में, पाकिस्तान ने उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है। कम से कम हम इतना तो कर ही सकते हैं। शरीफ ने कहा-मुझे लगता है कि वह सचमुच शांति के प्रतीक हैं।’’