1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. क्यूएस रैंकिंग में भारत के 54 संस्थानों ने बनाई जगह, PM मोदी ने कहा- भारत के शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत अच्छी खबर

क्यूएस रैंकिंग में भारत के 54 संस्थानों ने बनाई जगह, PM मोदी ने कहा- भारत के शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत अच्छी खबर

 Published : Jun 19, 2025 04:42 pm IST,  Updated : Jun 19, 2025 04:45 pm IST

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में भारत के 54 संस्थानों ने जगह बनाई है। IIT दिल्ली इसमें 123वें स्थान पर रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस खास उपलब्धि पर खुशी जताई है।

QS World University Ranking 2026, India universities in QS ranking- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में भारत के 54 विश्वविद्यालयों और संस्थानों ने जगह बनाकर देश का नाम रोशन किया है। इस रैंकिंग में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IIT Delhi) ने 123वां स्थान हासिल कर देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान होने का गौरव प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, 'क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी 2026 रैंकिंग हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत अच्छी खबर लेकर आई है। हमारी सरकार भारत के युवाओं के लाभ के लिए रिसर्च और इनोवेशन इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।'

'2014 में सिर्फ 11 विश्वविद्यालय थे लिस्ट में शामिल'

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी भारत के विश्वविद्यालयों की तारीफ की और कहा, 'दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उच्च शिक्षा संस्थानों में रिकॉर्ड 54 संस्थानों के साथ, भारत ने क्यूएस वर्ल्ड युनिवर्सिटी 2026 रैंकिंग में एक नयी ऊंचाई हासिल की है। 2014 में सिर्फ 11 विश्वविद्यालय इस सूची में शामिल थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 54 हो गई है। यह 5 गुना छलांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार द्वारा पिछले दशक में शुरू किए गए परिवर्तनकारी शैक्षिक सुधारों का प्रमाण है। एनईपी 2020 न केवल हमारे शैक्षिक परिदृश्य को बदल रही है, बल्कि इसमें क्रांति ला रही है।'

इस साल रैंकिंग में 8 नए भारतीय संस्थान शामिल

रैंकिंग के मुताबिक, IIT दिल्ली ने 2 साल में 70 से ज्यादा पायदान की छलांग लगाई है। 2 साल पहले यह 197वें और पिछले साल 150वें स्थान पर था। इस बार यह ‘जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, यूएस’ के साथ संयुक्त रूप से 123वें स्थान पर है। लंदन की वैश्विक उच्च शिक्षा विश्लेषण कंपनी ‘क्वाक्वेरेली साइमंड्स’ (क्यूएस) हर साल यह रैंकिंग जारी करती है, जिसमें विश्वविद्यालयों का आकलन विभिन्न प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर किया जाता है। इस साल रैंकिंग में 8 नए भारतीय संस्थानों को शामिल किया गया, जिससे भारत के संस्थानों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है।

लिस्ट में भारत ने चौथे नंबर पर बनाई जगह

अमेरिका (192 संस्थान), ब्रिटेन (90 संस्थान) और चीन (72 संस्थान) के बाद भारत 54 संस्थानों के साथ चौथे स्थान पर है। भारत लिस्ट में 8 नए संस्थान जोड़कर इस मामले में पहले नंबर पर है क्योंकि किसी अन्य देश या क्षेत्र ने इस साल इतने विश्वविद्यालय रैंकिंग में नहीं जोड़े। जॉर्डन और अजरबैजान 6-6 विश्वविद्यालयों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। क्यूएस की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसिका टर्नर ने कहा, 'भारत वैश्विक उच्च शिक्षा परिदृश्य में अपनी एक अलग जगह बना रहा है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के इस संस्करण में किसी अन्य देश के इतने विश्वविद्यालय शामिल नहीं हुए हैं। यह अच्छा संकेत है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।