1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नूह में खुलेंगी शैक्षणिक संस्थाएं, कर्फ्यू के नियमों में हुए बदलाव, जानें एटीएम और बैंक की टाइमिंग

नूह में खुलेंगी शैक्षणिक संस्थाएं, कर्फ्यू के नियमों में हुए बदलाव, जानें एटीएम और बैंक की टाइमिंग

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Avinash Rai
 Published : Aug 10, 2023 11:04 pm IST,  Updated : Aug 11, 2023 06:20 am IST

नूह में हुई हिंसा के बाद हरियाणा सरकार एक्शन मोड में है। इस बीच नूह के जिलाधिकारी ने कर्फ्यू के नियमों में थोड़ी ढील दी है। शैक्षणिक संस्थाएं कल से खुलने वाली हैं और एटीएम तथा बैंकों के खुलने का टाइम भी तय कर दिया गया है।

nuh violence Educational institutions will open in from tomorrow curfew rules- India TV Hindi
नूह में कल से खुलेंगी शैक्षणिक संस्थाएं Image Source : FILE PHOTO

नूह में हुई हिंसा के बाद अब धीरे-धीरे जनजीवन फिर से पटरी पर लौट रहा है। जिलाधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने आज नूह में धारा 144 को लेकर नए आदेश पारित किए हैं। ये आदेश आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे। नूह जिले में 11 अगस्त से शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोले जाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी प्रकार हरियाणा राज्य परिवहन की बस सेवाएं भी पूरी तरह से बहाल होंगी। एटीएम सुबह 10 बजे से दोपहर के 3 बजे तक खुले रहेंगे। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक क्षेत्र में सामान्य स्थिति को देखते हुए 11 अगस्त से सभी शैक्षणिक संस्थानों को खोलने का फैसला लिया गया है। इसी प्रकार हरियाणा परिवहन की बस सेवाएं भी 11 अगस्त से पूरी तरह बहाल हो जाएगी। 

नूह जिले में कर्फ्यू के नए आदेश पारित

नए आदेशों के मुताबिक कर्फ्यू में छूट की अवधि के दौरान नूह, तावडू, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका, पिनगवा और नगीना ब्लॉक के नगर क्षेत्र में एटीएम सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुले रहेंगे। इन क्षेत्रों में बैंकों के खुलने का समय भी सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। वहीं बैंकों में नकद लेनदेन अगले आदेश तक सुबह 11 बजे से दोपहर के 2 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान यदि कोई व्यक्ति इन आदेशों का उल्लंघन करते दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और अन्य सभी प्रासंगिक नियमों के तहत दंड के लिए उत्तरदायी होगा। 

नूह हिंसा के बाद एक्शन में सरकार

बता दें कि नूह में हुई हिंसा के बाद हरियाणा सरकार एक्शन में है। इस बीच सरकार ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। सरकार ने पांच दिनों में नूह जिले के 11 स्थानों पर 1208 इमारतों और अन्य संरचानाओं को ध्वस्त किया। सरकार ने दावा किया कि 37 साइटों से 72.1 एकड़ जमीन को खाली कराया है। गौरतलब है कि 31 जुलाई को जिले में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 88 लोग इसमें घायल हो गए थे। इस दौरान कई गाड़ियों को फूंका गया और खूब हिंसा की गई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।