Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. क्या शलजम और मूली एक ही होती हैं, जानिए रंग के अलावा इनमें क्या अंतर होता है?

क्या शलजम और मूली एक ही होती हैं, जानिए रंग के अलावा इनमें क्या अंतर होता है?

Difference Between Shalgam And Mooli: सर्दियों में शलजम और मूली दोनों का सीजन होता है। शलजम को शलगम भी कहा जाता है इसका स्वाद मूली जैसा ही होता है। लेकिन दोनों में काफी अंतर पाया जाता है। जानिए शलजम और मूली में क्या अंतर होता है?

Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
Published : Nov 06, 2025 10:15 am IST, Updated : Nov 06, 2025 10:15 am IST
शलगम और मूली में अंतर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK शलगम और मूली में अंतर

ठंड आते ही हरी सब्जियां और जड़ वाली सब्जियां मिलने लगती हैं। इन दिनों गाजर, मूली और शलजम भी मिलने लगी हैं। सर्दियों में मूली और शलजम को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। हालांकि कुछ लोगों को कंफ्यूजन होता है कि शलजम और मूली एक ही होती हैं जबकि ऐसा नहीं है शलजम और मूली एक ही प्रजाति की लेकिन दो अलग-अलग सब्जियां हैं। शलजम ऊपर से हल्की लाल और बैंगनी रंग की होती है जबकि मूली अंदर और बाहर दोनों साइड से सफेद होती है। शलजम गोल होती है जबकि मूली लंबी होती है। दोनों के फायदे और पोषक तत्व भी काफी अलग होते हैं। ये हैं शलजम और मूली के मुख्य अंतर।

शलजम और मूली में अंतर

शलजम थोड़ी महंगी होती है जबकि मूली सस्ती होती है। करीब 100 ग्राम शलजम में 28 कैलोरी होती हैं जबकि मूली में 16 कैलोरी होती हैं। ग्लाइसेमिक इंडेक्स में शलजम 73 है तो वहीं मूली का जीआई 32 है। शलजम में मूली से दोगुना कार्बोहाइड्रेट होता है। मूली की तुलना में शलजम में विटामिन सी की मात्रा 42 प्रतिशत ज्यादा होती है। वहीं शलजम में विटामिन बी6 और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स की मात्रा अच्छी होती है। 300 ग्राम शलजम विटामिन सी की दैनिक आवश्यकता का 70% और विटामिन बी6 की 21% पूर्ति करता है।  वहीं 300 ग्राम मूली विटामिन सी की दैनिक आवश्यकता का 50% और  फोलेट की 19% पूर्ति करती है। शलजम में मूली से 70% ज्यादा कॉपर होता है। शलजम में मूली से 42% ज्यादा सोडियम पाया जाता है, लेकिन मूली में आयरन और पोटेशियम की मात्रा शलजम से ज्यादा होती है।

शलजम और मूली में समानता

फाइबर के मामले में मूली और शलजम एक समान हैं। फैट और प्रोटीन शलजम और मूली दोनों में न के बराबर होता है। जिंक और मैग्नीशियम दोनों में बराबर मात्रा में पाया जाता है। शलजम और मूली दोनों को सब्जी और सलाद के रूप में खा सकते हैं। दोनों का स्वाद भी काफी मिलता जुलता होता है। 

शलजम और मूली किन बीमारियों में फायदेमंद हैं?

  1. शलजम और मूली दोनों में कैंसर और ट्यूमर रोधी गुण ग्लूकोसाइनोलेट्स और आइसोथियोसाइनेट्स पाए जाते हैं। 

  2. शलजम में फ्लेवोनोइड्स और फेनोलिक  यौगिकों में एंटी-ऑक्सीडेटिव  गुण पाए जाते हैं। वहीं मूली में पॉलीफेनोल्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं इसके अलावा पाइरोगैलोल और वैनिलिक एसिड  में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। मूली के एंथोसायनिन में जैसे गुण फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं।

  3. शलजम और मूली दोनों में ही हार्ट को हेल्दी रखने वाले गुण पाए जाते हैं इन्हें खाने से ब्लड प्रेशर और लिपिड कंट्रोल रहता है। 

  4. शलजम और मूली में पाए जाने वाले पोषक तत्व डायबिटीज में असरदार काम करते हैं। दोनों ही सब्जियां मोटापा कम करने और मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में असरदार साबित होती हैं।

  5. शलजम और मूली दोनों में ही हीमोग्लोबिन बढ़ाने और शरीर में ऑक्सीजन के लेवल में सुधार लाने का काम करते हैं। पाचन के लिए इन दोनों सब्जियों को अच्छा माना जाता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement