1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लॉकडाउन के बावजूद धार्मिक स्थान पर दस लोग कर रहे थे प्रार्थना, मुकदमा दर्ज

लॉकडाउन के बावजूद धार्मिक स्थान पर दस लोग कर रहे थे प्रार्थना, मुकदमा दर्ज

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 09, 2020 11:30 pm IST,  Updated : Apr 10, 2020 12:14 am IST
प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

हैदराबाद: कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू होने के बावजूद एक धार्मिक स्थान पर पूजा करने के आरोप में दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से कुछ नाबालिग भी हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार विशिष्ट जानकारी मिलने पर एक पुलिस टीम बुधवार को बाचुपल्ली इलाके में पहुंची जहां 10 लोगों का एक समूह प्रार्थना कर रहा था। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "10 में से नौ लोग भागने में सफल रहे लेकिन एक को पकड़ लिया गया।"

अधिकारी ने कहा, "पुलिस ने अन्य लोगों की पहचान स्थापित कर ली है और भारतीय दंड संहिता और आपदा प्रबंधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है।" उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने का अनुरोध किया।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 591 नए मामले सामने आए हैं और 20 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद भारत में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 5865 हो गई है। इन मामलों में से 5 हजार 218 एक्टिव केस हैं और 169 लोगों की मौत हो चुकी है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 478 मरीज कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीतने में कामयाब हुए हैं और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा की गई प्रेस वार्ता में बताया गया कि भारतीय रेल 80 हजार आईसोलेशन वार्ड तैयार कर रहा है और उनकी तरफ से 2500 डॉक्टर तैनात किए गए है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कहा कि PPE, मास्क और वेंटिलेटर की सप्लाई अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को PPE के लिए विकसित किया गया है, 1.7 करोड़ PPE के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और सप्लाई भी आना शुरू हो गया है। 49,000 वेंटिलेटर का ऑर्डर भी दिया जा चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत