1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma's Blog: महाराष्ट्र के नेताओं में आपसी भरोसे की कमी है

Rajat Sharma's Blog: महाराष्ट्र के नेताओं में आपसी भरोसे की कमी है

 Published : Nov 26, 2019 04:49 pm IST,  Updated : Nov 26, 2019 04:49 pm IST

इस सारे प्रकरण में मेरा यह मानना है कि महाराष्ट्र की सियासत में सबसे बड़ी मुश्किल भरोसे की है। आज कोई किसी पर यकीन नहीं कर रहा है।

Rajat Sharma's Blog: महाराष्ट्र के नेताओं में आपसी भरोसे की कमी है  - India TV Hindi
Rajat Sharma's Blog: महाराष्ट्र के नेताओं में आपसी भरोसे की कमी है   Image Source : INDIA TV

अब जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने फ्लोर टेस्ट का सामना करने से पहले ही इस्तीफा दे दिया है, शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अगला मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं प्रबल हो गई है । मंगलवार की सुबह सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच  ने 27 नवंबर को फ्लोर टेस्ट (बहुमत परीक्षण) का निर्देश दिया था, लेकिन बहुमत न होने के कारण पहले अजित पवार और उनके बाद देवेन्द्र फडणवीस ने इस्तीफा दे दिय़ा। 

 
सोमवार शाम को शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन ने एनसीपी सुप्रीम शरद पवार, शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडसे की मौजूदगी में मुंबई के एक होटल में 162 विधायकों की परेड कराई थी। सभी विधायकों ने पार्टी लाइन से अलग न होने और अपने नेताओं के निर्देश मानने की शपथ ली।
 
इस सारे प्रकरण में  मेरा यह मानना है कि महाराष्ट्र की सियासत में सबसे बड़ी मुश्किल भरोसे की है। आज कोई किसी पर यकीन नहीं कर रहा है। कांग्रेस को शरद पवार पर यकीन नहीं है और शिवसेना को कांग्रेस पर यकीन नहीं है वहीं महाराष्ट्र की सियासत के सबसे वरिष्ठ नेता शरद पवार को न तो कांग्रेस और न ही शिवसेना पर यकीन है।
 
बीजेपी के खेमे में भी पार्टी नेतृत्व को एनसीपी के बागी नेता अजित पवार पर भरोसा नहीं हैं । पार्टियों के विधायकों को अपनी ही पार्टी के नेताओं पर भरोसा नहीं है और न ही पार्टी के नेता पर विधायकों को भरोसा है। किसी को नहीं पता कि कौन किसके साथ जाएगा। ऐसे में उद्धव ठाकरे के लिए तीन पार्टियों की आघाड़ी (गठबंधन) की सरकार को चलाना एक कठिन काम रहेगा।  (रजत शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत