1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UPSC के माध्यम से नियुक्त कई अधिकारी हैं 'डकैत', मंत्री विश्वेश्वर टुडु के बयान पर विवाद

UPSC के माध्यम से नियुक्त कई अधिकारी हैं 'डकैत', मंत्री विश्वेश्वर टुडु के बयान पर विवाद

 Published : Apr 10, 2023 08:02 am IST,  Updated : Apr 10, 2023 08:02 am IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के जरिए नियुक्त कई अधिकारी ‘‘डकैत’’ हैं।

BJP के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु- India TV Hindi
BJP के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु Image Source : FILE PHOTO

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के जरिए नियुक्त कई अधिकारी ‘‘डकैत’’ हैं। जल शक्ति राज्य मंत्री टुडु ने शनिवार को ओडिशा के बोलेश्वर जिले के बलियापाल में एक सरकारी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एक सभा को संबोधित करते हुए यह विवादित टिप्पणी की। उन्हें अलग-अलग सोशल नेटवर्किंग साइट पर साझा किए गए एक वीडियो में विवादित बयान देते हुए सुना जा सकता है। 

"उच्च पद पर बैठे अधिकारी की रक्षा सिस्टम करता है"

मंत्री टुडु ने कहा, ‘‘मुझे लगता था कि जिन्हें यूपीएससी के माध्यम से नियुक्त किया जाता है वे सबसे अधिक जानकार व्यक्ति होते हैं और हमेशा उच्च पदों पर आसीन होते हैं, लेकिन अब मुझे लगता है कि जो लोग वहां से उत्तीर्ण हुए हैं उनमें से ज्यादातर डकैत हैं। मैं 100 फीसदी (अधिकारियों के बारे में ऐसा) नहीं कहता, लेकिन उनमें से कई डकैत हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि एक "चिकन चोर" को दंडित किया जा सकता है, लेकिन एक अधिकारी जो खनिज माफिया को चलाता है। उसे छुआ तक नहीं जा सकता क्योंकि सिस्टम उसकी रक्षा करता है। हालांकि जिस वीडियो में विश्वेश्वर टुडु ये कहते दिख रहे हैं, इंडिया टीवी उसकी पुष्टि नहीं करता है।

"मन में UPSC के लिए था सम्मान, अब नहीं है"
केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने कहा कि यूपीएससी कार्यालय दिल्ली में उनके आवास के ठीक पीछे है। शुरू में इसके प्रति उनका बहुत सम्मान था, लेकिन अब बदल गया है। टुडू ने कहा कि अगर ऐसे शिक्षित लोग हैं तो हमारा समाज भ्रष्टाचार और अन्याय में क्यों डूबा है? अपनी इस बात का जवाब खुद देते हुए टुडू ने कहा कि यह सब हमारी शिक्षा प्रणाली में नैतिक शिक्षा की कमी की वजह से हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे बीच आध्यात्मिक शिक्षा और विचारों की अभाव है।"

सरकारी अधिकारी के साथ बदसलूकी के लग चुके आरोप
गौरतलब है कि यूपीएससी देश का प्रमुख केंद्रीय भर्ती आयोग है जो एक स्वतंत्र निकाय के रूप में कार्य करता है और शीर्ष सरकारी अधिकारियों की नियुक्ति करता है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु का नाम पहले भी विवादों में रह है। इससे पहले उनपर एक सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे। अधिकारी ने आरोप लगाया था कि समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने उस पर हमला किया और उसका हाथ तोड़ दिया था। केंद्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडु ओडिशा के मयूरभंज से बीजेपी सांसद हैं और मोदी कैबिनेट में राज्य मंत्री हैं। 

ये भी पढ़ें- 

ट्रिपल इंजन से होगा तेज विकास, 2024 के लोकसभा और निकाय चुनावों में खिलाएं कमल- सीएम योगी आदित्नाथ

यूपी: क्रिकेट मैच को लेकर दो गुटों में फायरिंग और पथराव से इटावा में मचा हड़कंप, तनाव जारी
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत