नई दिल्लीः किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च की वजह से पंजाब-हरियाणा बॉर्डर, हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर और दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भीषण जाम लग गया है। किसानों के 'दिल्ली चलो' विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर यातायात बाधित है। मिली जानकारी किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च से पहले गाज़ीपुर बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है। वहीं, नोएडा से दिल्ली जाने वाले चिल्ला बॉर्डर पर भी वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। उधर, सिंघू बॉर्डर पर यातायात बाधित हुआ है।
Farmers protest Traffic Jam LIVE Update:
दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी में एक अपडेट किया गया है। पुलिस ने कहा है कि सिंघु बॉर्डर अब जाने योग्य नहीं है। इससे मुकरबा चौक पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। मुकरबा चौक होकर हरियाणा जाने के इच्छुक वाहन चालक लोनी बॉर्डर की ओर या मधुबन चौक से रिंग रोड की ओर जा सकते हैं।
दर्जनों किसान नेता ऐसे हैं, जिन्हें पुलिस ने उनके घर में ही नजर बंद कर दिया था, जिसके चलते नोएडा में बीते दिनों हुए किसान आंदोलन की तरह हंगामा और जाम देखने को नहीं मिला, हालांकि यातायात प्रभावित जरूर रहा। नोएडा पुलिस ने पहले ही यातायात एडवाइजरी जारी कर दी थी। लोगों से अपील भी की थी कि ज्यादातर लोग मेट्रो से सफर करें। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बने स्कूलों ने अपने यहां पढ़ाई को ऑनलाइन कर दिया था।
किसान आंदोलन को देखते हुए नोएडा में भी सभी बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट मोड पर थी। एक तरफ बैरिकेड रखे हुए थे तो दूसरी तरफ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। कई बॉर्डर पर पैरामिलिट्री फोर्स को भी तैनात किया गया था। लेकिन, मंगलवार को नोएडा पुलिस ने किसानों को बॉर्डर तक नहीं पहुंचने दिया।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI ने ऐतिहासिक लाल किला परिसर को सुरक्षा कारणों से पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। एएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने सख्ती के संकेत दिए हैं। सिंघू बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि यदि किसान आक्रामक हैं, तो हम भी डिफेंसिव रुख नहीं अपनाएंगे।
दिल्ली मेट्रो ने प्रस्तावित किसान मार्च के मद्देनजर 9 स्टेशनों पर कुछ गेट बंद कर के यात्रियों के प्रवेश और निकास को नियंत्रित किया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ गेट बंद कर दिए गए हैं।
किसानों के ‘दिल्ली कूच’ के मद्देनजर हरियाणा के इस जिले को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर को सोनीपत पुलिस एवं दिल्ली पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सील कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई और दिल्ली व सोनीपत दोनों ही तरफ से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
विरोध-प्रदर्शन के लिए दिल्ली की ओर रवाना हुए किसानों की शंभू (हरियाणा-पंजाब) बॉर्डर पर पुलिस के साथ झड़प के बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को टिकरी बॉर्डर को आवाजाही के लिए बंद कर दिया। बॉर्डर के दोनों रास्तों पर सीमेंट के पांच फुट लंबे अवरोधक लगाने के साथ ही बहु-स्तरीय बैरिकेड के जरिये सीमा को बंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने टिकरी मेट्रो स्टेशन के पास राजमार्ग को जोड़ने वाली आसपास की सड़कों और गांवों के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं को भी बंद कर दिया। हालांकि, ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं अभी भी संचालित हो रही हैं।
दिल्ली में दाखिल नहीं होने पर किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सड़कों से बैरिकेटिंग्स और सीमेंट के स्लैब उखाड़ना शुरू हो गया, पुल पर लगी फेंसिंग तोड़कर फेंके जाने लगे। तभी पुलिस ने मोर्चा संभाला और किसानों को पीछे धकेल दिया। जिस जगह पर किसान ये तोड़फोड़ कर रहे थे वहां सुरक्षाकर्मियों ने जगह खाली कराई, आंसू गैस के गोले दागे गए।
हरियाणा: कुरुक्षेत्र के SP सुरिंदर सिंह भोरिया ने कहा, "पर्याप्त मात्रा में फोर्स लगाई गई है। शाहाबाद का दौरा भी किया है, वहां भी स्थिति ठीक है। ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। हमारी आम लोगों से अपील है कि शांति बनाए रखें और पुलिस का साथ दें।"
अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा पर फ्लाईओवर के सेफ्टी बैरियर को तोड़ा। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
किसानों के दिल्ली कूच के चलते दिल्ली के बॉर्डर सील किए गए हैं। सड़कों पर लगा लंबा जाम लगा है। कई किलोमीटर तक गाड़ियां रेंगती दिख रही हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भी कई सड़कों पर अभी भी जाम है। किसानों के प्रदर्शन की वजह से वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। जाम की वजह से लोग घंटों से परेशान हैं।
प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए सीमाओं पर किए गए उपायों के कारण दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वाहन चालकों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। बॉर्डर पर यातायात धीमी गति से चल रहा है क्योंकि पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में किसानों के मार्च के मद्देनजर सिंघू, टिकरी और गाजीपुर सीमाओं पर कई स्तर पर बैरिकेड लगाए हुए हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले प्रमुख हिस्से के आधे भाग पर बैरिकेड लगे होने के कारण एक समय में केवल दो वाहन ही गुजर पा रहे थे। गाजीपुर बॉर्डर के पास पुलिस ने लिंक सड़कों को बंद कर दिया था और वाहन एक कतार में चल रहे थे
किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च की वजह से दिल्ली-नोएडा चिल्ला बॉर्डर पर यातायात बाधित है। चिल्ला बॉर्डर पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली में सिंघु बॉर्डर सील कर दिया है। अब इस रास्ते से लोग नहीं आ-जा सकेंगे। वाहन चालक केएमपी से दिल्ली जा सकेंगे।
दिल्ली-नोएडा-दिल्ली (डीएनडी) रोड पर नोएडा से दिल्ली की ओर भारी वाहनों का आवागमन है, क्योंकि प्रदर्शनकारी किसानों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग की गई है। इसकी वजह से डीएनडी पर भारी जाम लग गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों को सूचित किया गया कि सिंघू बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा) के आसपास डायवर्जन रहेगा। सिंघु बॉर्डर पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए 13 फरवरी से यातायात प्रतिबंध और बदलाव लागू किए जाएंगे।
दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि यात्रा की योजना बनाने और संभावित देरी और वैकल्पिक मार्गों के बारे में जानकारी लेकर एयरपोर्ट पर आएं ताकि आप फ्लाइट मिस न कर पाएं। हवाई अड्डे ने यात्रियों को यात्रा के लिए दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी है। इसमें कहा गया है, समय पर पहुंचने के लिए, हम यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन विकल्पों के लिए टर्मिनल 1 (टी1) के लिए मैजेंटा लाइन या टर्मिनल 3 (टी3) के लिए एयरपोर्ट मेट्रो का उपयोग करने की सलाह देते हैं।
किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च से पहले आज गाज़ीपुर बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई है। घंटों से लोग जाम में फंसे हैं।
किसानों के 'दिल्ली चलो' विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर यातायात बाधित है। यहां पर लोग घंटों से जाम में फंसे हैं। ट्रैफिक जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च की वजह से दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर भारी जाम देखा जा रहा है। पुलिस ने यहां पर रोड सील कर दिया है। इसकी वजह से सिंघू बॉर्डर के आस-पास भारी जाम देखा जा रहा है।
संपादक की पसंद