1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप 2026 Super 8: ग्रुप ए को क्यों कहा जा रहा है ग्रुप ऑफ डेथ? सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सभी चार टीमों को दिखाना होगा दमदार खेल

T20 वर्ल्ड कप 2026 Super 8: ग्रुप ए को क्यों कहा जा रहा है ग्रुप ऑफ डेथ? सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सभी चार टीमों को दिखाना होगा दमदार खेल

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Feb 19, 2026 09:36 pm IST,  Updated : Feb 20, 2026 03:21 pm IST

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के लिए सभी टीमें तय हो गई हैं, जिसमें उनको 4-4 के अलग-अलग ग्रुपों में रखा गया है। इसमें भारत के ग्रुप में शामिल टीमों के बीच में जबरदस्त घमासान देखने की उम्मीद की जा सकती है।

India, Zimbabwe, West Indies And South Africa- India TV Hindi
भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका Image Source : AFP

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के मुकाबलों का अंत 20 फरवरी से हो जाएगा, जिसके बाद 21 फरवरी से सुपर-8 के मैचों की शुरुआत होगी। इसमें अपनी जगह बनाने वाली सभी आठ टीमों के नाम तय हो गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा घमासान टीम इंडिया के ग्रुप में देखने को मिलने वाला है। सुपर-8 में पहुंची टीमों को 4-4 के अलग-अलग दो ग्रुपों में बांटा गया है, जिसको लेकर आईसीसी की तरफ से पहले ही तय कर दिया गया था कि किस टीम को कौन से ग्रुप में जगह मिलेगी। ऐसे में भारतीय टीम के ग्रुप में जो बाकी की अन्य तीन टीमों को जगह मिली है उन्होंने भी ग्रुप स्टेज में एक भी मुकाबले में हार का सामना नहीं किया है। ऐसे में इस ग्रुप में भिड़ने वाली टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने की उम्मीद की जा सकती है। वहीं दूसरे ग्रुप में जो चार टीमें हैं, जिसमें पाकिस्तान के अलावा न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका शामिल है उन सभी को ग्रुप स्टेज में कम से कम एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।

टीम इंडिया ने दी पाकिस्तान, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड्स को दी मात

भारतीय टीम के ग्रुप स्टेज में प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अपना पहला मुकाबला यूएसए की टीम के खिलाफ खेला जिसको वह 29 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रहे। इसके बाद टीम इंडिया ने नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच को 93 रनों के बड़े अंतर से जीता। पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच में भी भारतीय टीम ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए 61 रनों से शानदार जीत दर्ज की और ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से मात देते हुए ग्रुप-ए की टेबल में पहले नंबर पर रहते हुए खत्म किया।

जिम्बाब्वे ने ओमान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को दी मात

ग्रुप-बी में शामिल जिम्बाब्वे की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने से पहले अधिक गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था, लेकिन उन्होंने सभी को गलत साबित करने के साथ सुपर-8 में ना सिर्फ अपनी जगह को पक्का किया, बल्कि ग्रुप-बी की टेबल में टॉप पर रहते हुए खत्म किया। जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में अपने पहले मैच में ओमान को 8 विकेट से मात दी, इसके बाद उन्होंने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराया। आयरलैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे का मुकाबला बारिश के चलते धुल गया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में जिम्बाब्वे 6 विकेट से जीत दर्ज करने में कामयाब रही।

वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल के खिलाफ दर्ज की जीत

दो बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम कर चुकी वेस्टइंडीज टीम का टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले फॉर्म कुछ खास बेहतर देखने को नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने ग्रुप स्टेज में शानदार खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की है। विंडीज टीम ने सबसे पहले स्कॉटलैंड के खिलाफ 35 रनों से मुकाबला जीता, इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड को 30 रनों से मात दी, तीसरे मैच में वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से एकतरफा हराया जबकि इटली के खिलाफ मैच को उन्होंने 42 रनों से जीतने के साथ ग्रुप-सी में 8 अंकों के साथ टॉप पर खत्म किया।

साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड, कनाडा, अफगानिस्तान और यूएई के खिलाफ दर्ज की जीत

साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम के खिलाफ हार का सामना करने वाली साउथ अफ्रीका टीम का इस बार अब तक ग्रुप स्टेज में अजेय अभियान देखने को मिला है। अफ्रीकी टीम ने ग्रुप-डी में सबसे पहले कनाडा को 57 रनों से हराया तो इसके बाद दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ डबल सुपर ओवर में जाकर जीत दर्ज की। अफ्रीकी टीम ने तीसरा मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला और उसे 7 विकेट से जीतने में कामयाब रहे, जबकि चौथे मैच में उन्होंने यूएई को 6 विकेट से मात दी।

क्यों हो रही है ICC की आलोचना?

ग्रुप ए में चारों टीमें (भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका) ऐसी हैं जो इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं। ऐसे में अब ICC को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने इस फॉर्मेट को लेकर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इन 4 टीमों के बीच सुपर-8 स्टेज के दौरान कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। इस ग्रुप से दो टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहेंगी। वहीं दो अच्छी टीमों का सफर सुपर-8 में ही खत्म हो जाएगा। इससे दूसरे ग्रुप के लिए टीमों का रास्ता आसान होने वाला है। अब देखना ये होगा कि डेथ ऑफ ग्रुप (ग्रुप ए) से कौन सी दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहती हैं।

ये भी पढ़ें

T20 WC विवाद के बाद बांग्लादेश के ठंडे पड़े तेवर, भारत से रिश्ते सुधारने में जुटा, बुलबुल ऑस्ट्रेलिया भागे

टीम इंडिया की कमजोर कड़ी, ऑफ स्पिन के सामने फंस रही टीम इंडिया, सुपर-8 में बढ़ सकती हैं मुश्किलें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल