भारतीय महिला क्रिकेट टीम अभी ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, जहां पर वह मेजबान देश के खिलाफ तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलने के पहुंची है। टीम इंडिया ने इस दौरे की शुरुआत तीन मैचों की टी20 सीरीज के साथ की है, जिसके पहले मुकाबले को वह जीतने में कामयाब रही थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच में सीरीज का दूसरा मैच कैनबरा के मनुका ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर टॉस करने के लिए मैदान पर उतरी तो उन्होंने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया। हरमनप्रीत कौर अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम पर था, जिन्होंने अपना आखिरी मुकाबला साल 2025 में खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम के खिलाफ खेला था। वहीं अब हरमनप्रीत कौर ने सूजी बेट्स को पीछे छोड़ने के साथ इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। हरमनप्रीत जब ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टॉस करने पहुंची तो ये उनके करियर का 356वां इंटरनेशनल मैच था। इंटरनेशनल क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर ने अपना पहला मुकाबला साल 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था, उसके बाद से वह अभी तक 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। इसके अलावा महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड पहले से ही हरमनप्रीत कौर के नाम पर है।
| प्लेयर | देश | इंटरनेशनल मैच |
| हरमनप्रीत कौर | भारत | 356 |
| सूजी बेट्स | न्यूजीलैंड | 355 |
| एलिस पेरी | ऑस्ट्रेलिया | 349 |
| मिताली राज | भारत | 333 |
| सोफी डिवाइन | न्यूजीलैंड | 305 |
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में जब हरमनप्रीत कौर टॉस के लिए पहुंची तो उनसे इस बड़ी उपलब्धि को लेकर सवाल पूछा गया, जिसके जवाब में हरमनप्रीत ने कहा कि यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है कि मैं टीम के लिए कड़ी मेहनत करती रहूंगी और जितना हो सके उतना खेलती रहूंगी। वहीं इस मैच की शुरुआत होने से पहले टीम इंडिया के कोच अमूल मजूमदार ने भी उनकी इस उपलब्धि को लेकर उन्हें बधाई दी।
ये भी पढ़ें
"इमाद वसीम हत्यारा है!" एक्स वाइफ ने सबूत के साथ पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगाया सनसनीखेज आरोप
टीम इंडिया की कमजोर कड़ी, ऑफ स्पिन के सामने फंस रही टीम इंडिया, सुपर-8 में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
संपादक की पसंद