नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने कहा है कि जब तक गोहत्या नहीं रुकेगी तब तक देश में मॉब लिंचिंग की घटना होती रहेगी। इंद्रेश कुमार कल रांची में थे और वहीं मीडिया से बात करते हुए जब उनसे अलवर मॉब लिंचिंग पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने यह बात कही। मुस्लिमों के बीच काम काम करने वाले आरएसएस के संगठन राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार ने यह भी कहा कि मॉब लिंचिंग का स्वागत नहीं किया जा सकता है लेकिन अगर लोग गाय का मीट खाना बंद कर दें तो ऐसे अपराध रुक जाएंगे।
Related Stories
उन्होंने कहा कि दुनिया का ऐसा कोई भी धर्म नहीं है जो गोहत्या की इजाजत देता हो। इंद्रेश कुमार ने दावा किया कि इस्लाम से लेकर ईसाई धर्म के अंदर गोहत्या की कोई जगह नहीं है। इंद्रेश कुमार के अलावा बीजेपी नेता विनय कटियार ने भी विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मुस्लिम गाय को छूने से पहले कई बार सोचें। यह इस देश के करोड़ों लोगों की भावना का प्रश्न है।
बता दें कि अलवर में 20 जुलाई की देर रात कुछ लोगों ने गोतस्करी के शक में रकबर खान की पिटाई कर दी थी जिसके बाद पुलिस रकबर को थाने ले गई थी। आरोप है कि पुलिस रकबर को अस्पताल ले जाने से पहले गाय को गोशाल छोड़ने गई। साथ ही उन्होंने रकबर को अस्पताल ले जाने में काफी देरी की, जिसके चलते उसने बिना इलाज के दम तोड़ दिया।
राजस्थान पुलिस ने अपनी लापरवाही मान ली है और इस मामले में 5 पुलिसकर्मियों को सजा दी गई है। इसके तहत थाना इंचार्ज सुभाष शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है जबकि एएसआई मोहन चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा उस समय ड्यूटी पर मौजूद तीन पुलिसकर्मियों को भी लाइन हाजिर किया गया है।