1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'CM की कुर्सी के लिए सही व्यक्ति नहीं हिमंता बिस्वा सरमा', पाकिस्तानी एजेंट के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार

'CM की कुर्सी के लिए सही व्यक्ति नहीं हिमंता बिस्वा सरमा', पाकिस्तानी एजेंट के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार

 Published : Feb 09, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 02:32 pm IST

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। खुद पाकिस्तानी एजेंट कहे जाने पर अब कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने पलटवार किया है।

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई- India TV Hindi
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई Image Source : PTI

असम कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट से सांसद गौरव गोगोई ने सोमवार को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के 'पाकिस्तान कनेक्शन' के आरोपों पर पलटवार किया। गोगोई ने सुप्रीम कोर्ट से मुख्यमंत्री के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने बच्चों की जानकारी मीडिया को दी थी। मुख्यमंत्री सरमा ने रविवार को एक विशेष जांच दल (SIT) की जांच के निष्कर्ष जारी किए, जिसमें आरोप लगाया कि गौरव गोगोई, उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच गहरे संबंध हैं। 

सीएम पद के लिए अयोग्या है सरमा- गोगोई

गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा अपने बच्चों के बारे में जानकारी सार्वजनिक करने की कड़ी आलोचना की और उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए अयोग्य बताया है। 

मेरे बच्चों से जुड़ी जानकारी लीक की गई- गोगोई

उन्होंने कहा, 'वह इतनी नीच हरकत पर उतर आए कि उन्होंने मेरे बच्चों से जुड़ी जानकारी भी लीक कर दी। हम भी उनके बच्चों के बारे में जानते हैं; सबको पता है, लेकिन हम इसे उजागर नहीं करना चाहते। उन्होंने साबित कर दिया है कि वे मुख्यमंत्री की कुर्सी के लायक नहीं हैं। उनकी बातों से असम शर्मसार हुआ है। वे झूठी जानकारी क्यों फैला रहे हैं? सुप्रीम कोर्ट को उनके खिलाफ स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।'

कोई सबूत नहीं पेश कर सकी SIT- गोगोई 

अपने खिलाफ लगे आरोपों का खंडन करते हुए गौरव गोगोई ने कहा कि एसआईटी कोई सबूत पेश नहीं कर सकी। उन्होंने कहा,'कल ढाई घंटे लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर सके जिससे यह साबित हो सके कि मैं किसी दूसरे देश का एजेंट हूं। वे गोलमोल बातें करते रहे। उनके पास पिछले छह महीनों से एसआईटी की रिपोर्ट मौजूद है। 

6 महीनों से चुप क्यों थे सीएम?

गोगोई ने कहा कि पिछले साल उन्होंने कहा था कि वे 10 सितंबर को एसआईटी रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे। अगर यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है, तो हमारा सिर्फ एक ही सवाल है, मुख्यमंत्री पिछले छह महीनों से इस रिपोर्ट पर चुप क्यों रहे? इसका कारण यह है कि उनके द्वारा गठित एसआईटी कोई सबूत पेश करने में असफल रही है। 

सीएम ने कब्जा कर रखी है 12000 बीघा जमीन

कांग्रेस सांसद ने एक बार फिर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शर्मा के परिवार ने असम भर में 12,000 बीघा (लगभग 4,000 एकड़) जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है । उन्होंने मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के साथ सहयोग करने की सहमति जताते हुए एसआईटी रिपोर्ट जारी करने की मांग की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत