संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार (1 दिसंबर) से शुरू होने वाला है। इस सत्र में SIR को लेकर विपक्षी पार्टियां हंगामा कर सकती हैं। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'कल (रविवार) संसद की बैठक है। उसके बाद ही हम बता पाएंगे कि SIR पर विपक्षी पार्टियों का क्या रवैया है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि चुनाव आयोग जो SIR कर रहा है, वह उसके अधिकार क्षेत्र में है। बिहार में ऐसा कोई मामला नहीं है, जहां किसी का नाम SIR में हटाया गया हो।'
इसके साथ ही भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'यह चुनाव भारतीय वोटों से होगा, बांग्लादेशी या विदेशी वोटों से नहीं होगा। SIR का विरोध वे लोग कर रहे हैं, जो भारत के चुनाव को प्रभावित करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करते हैं।'
संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी आधिकारिक घोषणा की है।
इसमें उन्होंने एक रचनात्मक और सार्थक सत्र की उम्मीद जताई। हालांकि, विपक्ष ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर वे सदन में जोरदार हंगामा कर सकते हैं।
संपादक की पसंद