1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. "बीच चौराहे पर गोली मारूंगा", 'लव जिहाद' मामले में बीजेपी नेता की हुई हत्या, कुछ देर बार आरोपी के पिता ने लगाई फांसी; जानिए पूरा मामला

"बीच चौराहे पर गोली मारूंगा", 'लव जिहाद' मामले में बीजेपी नेता की हुई हत्या, कुछ देर बार आरोपी के पिता ने लगाई फांसी; जानिए पूरा मामला

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Malaika Imam
 Published : Oct 29, 2025 06:01 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 06:01 pm IST

कटनी में लव जिहाद को रोकने के चलते बीजेपी नेता निलेश रजक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके कुछ देर बाद ही मामले में एक आरोपी के पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक बीजेपी नेता नीलेश रजक और आरोपी का पिता- India TV Hindi
मृतक बीजेपी नेता नीलेश रजक और आरोपी का पिता Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में 'लव जिहाद' से जुड़े एक मामले को रोकने के चलते बीजेपी पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष नीलेश रजक की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने से प्रदेश में सनसनी फैल गई है। इस हत्याकांड के बाद जहां एक ओर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर किया, वहीं दूसरी ओर एक आरोपी के पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सख्त लहजे में कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो इसे चुनौती देगा उसे उसके कृत्य का परिणाम अवश्य भुगतना पड़ेगा।

बीच बाजार गोलीकांड, CCTV में कैद हुई वारदात

यह सनसनीखेज घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कटनी के कैमोर नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास हुई। नीलेश रजक अपनी बाइक से बाजार जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर गोली दाग दी। वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें हमलावरों को गोली मारकर भागते हुए साफ देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नीलेश रजक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

"मैं तुझे बीच चौराहे पर गोली मारूंगा" 

विजय राघवगढ़ विधानसभा से विधायक संजय पाठक ने इस हत्या के पीछे की वजह का खुलासा किया। विधायक के मुताबिक, नीलेश रजक ने पहले इलाके के डीएवी स्कूल की एक छात्रा की शिकायत पर हस्तक्षेप किया था। छात्रा ने शिकायत की थी कि एक मुस्लिम युवक उससे छेड़खानी करता है। इस मुद्दे पर नीलेश रजक का अकरम नाम के युवक से विवाद हुआ और मामला थाने तक पहुंच गया। थाने में ही अकरम ने नीलेश रजक को खुलेआम धमकी दी थी कि "मैं तुझे बीच चौराहे पर गोली मारूंगा।" महीने-डेढ़ महीने बाद अकरम की यही धमकी अब हत्या में बदल गई।

पुलिस की सख्त कार्रवाई, शॉर्ट एनकाउंटर

हत्या के बाद नीलेश रजक के आक्रोशित परिजनों ने चक्का जाम कर दिया और शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया। 7 घंटे बाद सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस की तमाम टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया और कजरवारा के पास दोनों आरोपी- अकरम और प्रिंस जोसेफ को घेर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जबलपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

आरोपी के पिता ने लगाई फांसी

इस गोलीकांड के कुछ देर बाद ही मामले में एक और सनसनीखेज मोड़ आया। गोलीकांड सुबह 11 बजे हुआ और लगभग 11:30 बजे हत्या के आरोपी प्रिंस जोसेफ के पिता नेल्सन जोसेफ ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्महत्या ने पूरे मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

ये भी पढ़ें-

बरेली हिंसा के आरोपी नदीम और बबलू दोनों भाइयों को मिली बड़ी राहत, इलाहाबाद HC ने गिरफ्तारी पर लगाई अंतरिम रोक

"43000 करोड़ की टनल सिर्फ शादी कराने के लिए बना रहे", DK शिवकुमार पर तेजस्वी सूर्या का तीखा हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।