1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: लाडली बहनों की बल्ले बल्ले, 2500 नहीं, अब मिलेंगे 3 हज़ार रुपये; सीएम मोहन यादव का बड़ा एलान

MP: लाडली बहनों की बल्ले बल्ले, 2500 नहीं, अब मिलेंगे 3 हज़ार रुपये; सीएम मोहन यादव का बड़ा एलान

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 26, 2025 11:11 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 11:18 pm IST

सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि प्रदेश की लाडली बहनों को तीन हजार रुपये मिलेंगे। ये बढ़ोतरी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।

सीएम मोहन यादव- India TV Hindi
सीएम मोहन यादव Image Source : REPORTER INPUT

सतनाः मध्य प्रदेश की लाडली बहनों को अब 2500 रुपये की जगह तीन हजार रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश की लाडली बहनों को तीन हजार रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को जारी की जाने वाली राशि में चरणबद्ध रूप से वृद्धि होगी और वर्ष 2028 तक बहनों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह उपलब्ध कराए जाएंगे।

सीएम ने कहा कि योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए 1500 करोड़ रूपए से अधिक प्रतिमाह अंतरित किए जा रहे हैं। प्रदेश की सभी बहनें हमारा मान हैं, अभिमान हैं। इनके मान-सम्मान और कल्याण के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे। 

भाईदूज तक लाड़ली बहनों को मिलेंगे इतने रुपये

मोहन यादव ने कहा कि दीपावली के बाद आने वाली भाईदूज तक राज्य सरकार सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपए से बढ़ाकर हर माह 1500 रूपए सहायता राशि देगी। बहन-बेटियों के सशक्तिकरण के‍ लिए स्व-सहायता समूहों का संचालन, नौकरियों और स्थानीय व नगरीय निकायों और पंचायतों में आरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

सतना को कई विकास योजनाओं की सौगात

जानकारी के मुताबिक, सीएम मोहन यादव सतना जिले की रैगांव विधानसभा के सिंहपुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने जिलेवासियों को 93 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत के कुल 222 विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में सीएम के साथ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री और सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मोहन यादव ने कही ये बात

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा और विधानसभा में बहनों का 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। माताओं-बहनों के कल्याण के लिए ही सभी परिवारों को पक्के मकान, घर-घर गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दीदीयां लखपति बनकर प्रगति कर रही हैं, बेटियों के लिए शिक्षा की उचित व्यवस्था है, उन्हें साइकिलें उपलब्ध कराने के साथ-साथ परीक्षा में अच्छा परिणाम लाने पर प्रोत्साहन स्वरूप लेपटॉप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डॉक्टर-इंजीनियर बनने के लिए भी आवश्यक हरसंभव सहायता बेटियों को उपलब्ध है। उद्योगों में काम करने वाली बहनों के लिए भी राज्य सरकार विशेष सहायता प्रदान कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।