Friday, February 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. आशिक संग ऑडियो वायरल हुआ तो पत्नी ने खाया जहर, पति की करतूत से ऐसे आफत में पड़ी जान

आशिक संग ऑडियो वायरल हुआ तो पत्नी ने खाया जहर, पति की करतूत से ऐसे आफत में पड़ी जान

Written By: Vinay Trivedi Published : Nov 05, 2025 11:56 am IST, Updated : Nov 05, 2025 11:56 am IST

सिंगरौली में जब महिला अपने पति की करतूतों और पुलिस दोनों से परेशान हो गई तो उसने इस दुनिया को छोड़ने का फैसला कर लिया। खबर में पढ़े कि कैसे इंतकाम की आग में जल रहे पति ने अपनी पत्नी को मौत के मुंह तक पहुंचा दिया।

singrauli husband wife case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सिंगरौली में पत्नी ने की खुदकुशी की कोशिश

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से आई इस खबर ने रिश्तों के साथ-साथ सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल यहां पति ने अपनी पत्नी का किसी गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक ऑडियो वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लेकिन ये कहानी यहीं खत्म नहीं होती, ऑडियो वायरल होने के बाद जब पीड़ित पत्नी अपनी शिकायत लेकर थाने गई तो आरोप है कि पुलिस ने उसकी एक न सुनी और कोई कार्रवाई नहीं की। और जब हर तरफ से नाउम्मीदी मिली तो महिला ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की।

पति ने कैसे पकड़ी पत्नी की करतूत?

बता दें कि इस घटना की बुनियाद शक और धोखे पर रखी गई। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के ओडगढ़ी गांव निवासी विजय को अपनी पत्नी पर किसी और गैर मर्द के साथ अवैध संबंध होने का शक था। एक दिन उसने पत्नी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया और अपने शक को यकीन में बदलते देख उसने सबकुछ अपने मोबाइल में कैद कर लिया। जिसके बाद से ही पति-पत्नी में विवाद शुरू हुआ। इसके बाद पत्नी मायके में जाकर रहने लगी। वहीं, पत्नी के कथित आशिक संजय सिंह ने उसके पति को झूठे आरोप लगाकर जेल भेजवा दिया।

ऑडियो वायरल कर पति ने की ये गलती

हालांकि संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी की पत्नी के साथ उसका कोई संबंध नही है। वह तो उसे जानता भी नहीं है। फिर क्या था इसी बात को साबित करने के लिए महिला के पति विजय दुबे ने अपनी ही पत्नी का किसी गैर मर्द यानी संजय सिंह के साथ अवैध संबंध होने का ऑडियो  सोशल मीडिया में वायरल करा दिया, लेकिन इस ऑडियो-वीडियो का इस्तेमाल उसने कानून के लिए नहीं, बल्कि इंतकाम के लिए किया।

पत्नी को नहीं मिली पुलिस की मदद

गुस्से और नफरत में अंधे पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को सबक सिखाने के लिए उसकी बातचीत का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ये ऑडियो-वीडियो आग की तरह फैला। फिर इज्जत तार-तार होते देख पत्नी हिम्मत जुटाकर मदद के लिए पुलिस के पास पहुंची। उसने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई। पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी चाही और उस वायरल वीडियो को तुरंत हटाने की गुहार लगाई।

एसपी दफ्तर के चक्कर काटती रही पीड़िता

लेकिन आरोप है कि यहां उसे इंसाफ नहीं सिर्फ दुत्कार मिली। पुलिस ने मामले की गंभीरता को नहीं समझा और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला थाने से लेकर एसपी कार्यालय के चक्कर काटती रही लेकिन उसकी शिकायत फाइलों में दबकर रह गई। एक तरफ पति की करतूत से हुई बदनामी।।। दूसरी तरफ इंसाफ के रखवालों की बेरुखी। जब महिला को लगा कि अब उसके पास बचने का, अपनी इज्जत बचाने का कोई रास्ता नहीं है तो उसने ये खौफनाक कदम उठा लिया।

पीड़िता ने की खुदकुशी की कोशिश

गौरतलब है कि महिला ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गनीमत रही कि परिवार वालों ने उसे वक्त पर अस्पताल पहुंचा दिया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सिटी एसपी पुन्नु परस्ते ने कहा कि हमें एक महिला द्वारा जहर खाकर सुसाइड अटेम्प्ट करने की सूचना मिली है। मामला संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर उसका ऑडियो-वीडियो वायरल किया गया था। महिला पहले भी थाने आई थी, जिसकी जांच चल रही थी। फिलहाल इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस जो पहले इसे पारिवारिक मामला बता रही थी, अब टीमें बनाने और जांच बैठाने की बात कर रही है। एक जिंदगी अस्पताल में मौत से लड़ रही है, सिर्फ इसलिए नहीं कि उसके पति ने उसे धोखा दिया, बल्कि इसलिए भी कि सिस्टम ने वक्त पर उसका साथ नहीं दिया। सवाल ये है कि अगर पुलिस पहले ही दिन कार्रवाई कर लेती तो क्या आज ये नौबत आती? क्या पुलिस की ये लापरवाही भी इस गुनाह में बराबर की हिस्सेदार नहीं है?

(इनपुट- देवेंद्र पाण्डेय)

ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव: वोटिंग से एक दिन पहले इस विधानसभा में हुआ खेला, जन सुराज के प्रत्याशी ने पार्टी छोड़कर थामा BJP का दामन

ये भी पढ़ें- बिहार चुनावः पटना एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ नजर आए, हंसते हुए की तस्वीर वायरल

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement