महाराष्ट्र की सियासत में शरद पवार और अजित पवार की राहें भले ही अलग हो चुकी हैं, लेकिन पारिवारिक आयोजनों में दोनों को अभी भी साथ देखा जा सकता है। रविवार (3 जुलाई) का दिन भी ऐसा ही था, जब दोनों नेता अपनी सियासी दूरियां मिटाकर पारिवारिक आयोजन में साथ नजर आए। मौका था शरद पवार के पोते युगेंद्र पवार की सगाई का। युगेंद्र पवार और तनिष्का कुलकर्णी ने रविवार को सगाई की। पवार परिवार रविवार को तनिष्का कुलकर्णी के मुंबई स्थित आवास पर आयोजित पारंपरिक सगाई समारोह में शामिल हुआ।
शरद पवार और अजित पवार के अलावा, सुप्रिया सुले और रोहित पवार भी समारोह में शामिल हुए। सुप्रिया सुले ने इस अवसर पर जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, "तनिष्का और युगेंद्र, हार्दिक बधाई! आप दोनों को जीवन भर प्यार और खुशियों की शुभकामनाएं। कुलकर्णी परिवार को गर्मजोशी से भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद।"
जुलाई 2023 में अजित पवार के तत्कालीन शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार में शामिल होने के बाद राकांपा का विभाजन हो गया। पार्टी का नाम और उसका चुनाव चिह्न घड़ी अजित पवार के गुट को दे दिया गया, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट का नाम राकांपा (शरदचंद्र पवार) रखा गया।
युगेंद्र पवार, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के उम्मीदवार थे, जिन्होंने बारामती से अपने चाचा अजित पवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और अजित पवार चुनाव जीत गए थे। 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले द्वारा अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को हराने के बाद बारामती में एक और पवार बनाम पवार मुकाबला देखने को मिला था।
राजनीति में भले ही अजित पवार और शरद पवार के गुट की राहें अलग हो गई हों, लेकिन पवार परिवार पारिवारिक आयोजनों के लिए एक साथ आता रहा है। इससे पहले दोनों नेताओं को आखिरी बार अजीत पवार के बेटे जय पवार की शादी में एक साथ देखा गया था। यह शादी पुणे में बड़े धूमधाम से की गई थी। अप्रैल में, चाचा-भतीजे की जोड़ी तीन कार्यक्रमों में मंच साझा करते नजर आई थी। शरद पवार के साथ उनकी कुछ हफ्तों की मुलाकातों के बारे में पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने उनके राजनीतिक महत्व को कम करके आंका और कहा कि परिवार सगाई जैसे मौकों पर एक साथ आते हैं, और उन्हें किसी और नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें-
'कुछ लोग सत्ता साझा करने पर सहमत नहीं हैं', ये क्या कह गए कर्नाटक के डिप्टी सीएम DK शिवकुमार
दिल्ली विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से, स्कूल फीस नियंत्रण बिल और दो CAG रिपोर्ट होंगी पेश
संपादक की पसंद