1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के अमृतसर में हथियारों की तस्करी के आरोप में चार लोग गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

पंजाब के अमृतसर में हथियारों की तस्करी के आरोप में चार लोग गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 23, 2025 11:49 pm IST,  Updated : Jul 24, 2025 12:01 am IST

पंजाब पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग अभियानों में सीमा पार हथियारों की तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से आठ अवैध हथियार भी जब्त किए।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने बुधवार को बताया कि उसने दो अलग-अलग अभियानों में सीमा पार हथियारों की तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से आठ अवैध हथियार भी ज़ब्त किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ पंजाब) के साथ एक संयुक्त अभियान सहित दो अलग-अलग अभियानों में सीमा पार हथियारों की तस्करी में शामिल चार आरोपियों से आठ अवैध हथियार ज़ब्त किए। 

पुलिस ने अवैध हथियार किया बरामद

उन्होंने बताया कि अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पूरे नेटवर्क और उसके संबंधों का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस बीच, बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पांच पिस्तौल और मैगज़ीन बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर, बीएसएफ के जवानों और पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने मंगलवार शाम अमृतसर में अटारी-दांडे रोड पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर अमृतसर के दांडे गांव के रहने वाले हैं।

डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की

इससे पहले डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को राज्यस्तरीय कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। डीजीपी ने फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में सभी रेंज पुलिस उपमहानिरीक्षकों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों के साथ बैठक में जरुरी दिशा-निर्देश दिए।

डीजीपी ने बाद में ‘एक्स’ पर पोस्ट और एक वीडियो में कहा, ‘‘हमने संगठित अपराध और आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा की है। सभी प्रमुख गैंगस्टर मामलों का पता लगा लिया गया है और 100 प्रतिशत आतंकी मामले सुलझा लिए गए हैं। मुख्य रूप से एक मार्च से जारी ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ (मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान) की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसके दौरान 13,665 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, 18,424 गिरफ्तारियां हुईं हैं, 900 किलोग्राम हेरोइन, 332 किलोग्राम अफीम, 13 किलोग्राम चरस, 6 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आइस) और 11.5 करोड़ रुपये की ‘ड्रग मनी’ (मादक पदार्थ से अर्जित धनराशि) जब्त की गई। 

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।