जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। इस मैच में कीवी टीम का पूरा दबदबा अब तक दो दिनों के खेल में देखने को मिला है। वहीं दूसरे दिन के खेल में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में तीसरी बार एक बड़ा कारनामा देखने को मिला। न्यूजीलैंड टीम की पहली पारी में तीन बल्लेबाज अब तक 150 से अधिक रन बनाने में कामयाब हुए हैं, जो अब तक टेस्ट के इतिहास में किसी एक पारी में सिर्फ तीसरी बार हुआ है।
बुलवायो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल को लेकर बात की जाए तो उसमें न्यूजीलैंड की पहली पारी में डीवोन कॉन्वे के बल्ले से जहां 153 रन देखने को मिले तो वहीं दिन का खेल खत्म होने पर रचिन रवींद्र जहां 165 रन बना चुके थे तो वहीं हेनरी निकल्स भी अपने 150 रन पूरे कर चुके थे। न्यूजीलैंड की टीम ने जहां पहली बार अपने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ये कारनामा किया है तो वहीं टेस्ट में सिर्फ तीसरी बार ऐसा देखने को मिला है। इससे पहले पिछली बार 39 साल पहले टेस्ट क्रिकेट में ये कारनामा हुआ था।
दूसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ तो उस समय तक न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 601 रन बना लिए थे, जिसमें उन्हें पहली पारी के आधार पर कुल 476 रनों की बड़ी बढ़त हासिल हो चुकी थी। ऐसे में इस मुकाबले का परिणाम तीसरे दिन के खेल में आते हुए देखने को मिल सकता है। इस मैच में मेजबान जिम्बाब्वे अपनी पहली पारी में सिर्फ 125 रन बनाकर सिमट गई थी।
ये भी पढ़ें
9 छक्के और केवल 52 बॉल में धमाकेदार सेंचुरी, श्रेयस अय्यर के जोड़ीदार का बड़ा कारनामा
इस खिलाड़ी ने चौका लगाकर जड़ी एक और धमाकेदार सेंचुरी, दो साल बाद देखा ये खास दिन
संपादक की पसंद