Joe Root: भारतीय टेस्ट टीम इस वक्त इंग्लैंड में है और लीड्स में पहला टेस्ट मैच हारने के बाद दूसरे टेस्ट में वापसी करने की तैयारी में जुट गई है। वहीं, पहले टेस्ट मैच में 371 रनों का टारगेट चेज करने के बाद मेजबान इंग्लैंड के हौसले बुलंद हैं। लीड्स टेस्ट में वैसे तो बेन डकेट (149) इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे, लेकिन जो रूट ने भी चौथी पारी में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए महफिल लूट ली। जो रूट ने 84 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 53 रन बनाए। रूट ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए शानदार 71 रनों की साझेदारी की।
पहले टेस्ट में बल्ले से कमाल करने के बाद जो रूट की कोशिश अब दूसरे टेस्ट में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखने की होगी। भारत और इंग्लैंड 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन में आमने-सामने होंगे। इस मैच में रूट के पास नया इतिहास रचने का मौका होगा।
दरअसल, रूट अगर दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में कुल मिलाकर 73 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह भारत के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ 31 टेस्ट मैचों की 57 पारियों में 10 शतक और 12 अर्धशतक की मदद से 2927 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ उनका औसत 58.54 का है। बता दें, रूट टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में भी शीर्ष पर हैं। उनके आसपास भी कोई और बल्लेबाज नहीं है। इससे पता चलता है कि रूट को भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाना कितना पसंद है।
जो रूट के टेस्ट करियर की बात की जाए तो टेस्ट में वह 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस और राहुल द्रविड़ हैं। रूट ने 154 टेस्ट मैचों की 281 पारियों में 50.92 के औसत से 13087 रन बनाए हैं। उन्होंने 36 शतक और 66 अर्धशतक जड़े हैं।
संपादक की पसंद